रायपुर

रेलवे स्टेशन में वाटर वेंडिंग मशीन, दुर्ग में भी लगेंगी 5, सस्ते में पानी
08-Mar-2025 7:41 PM
रेलवे स्टेशन में वाटर वेंडिंग मशीन, दुर्ग में भी लगेंगी 5, सस्ते में पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 मार्च। रायपुर रेल मंडल के रायपुर दुर्ग स्टेशनों पर यात्रियों को कम कीमत पर पीने का पानी उपलब्ध कराने वाटर वेंडिंग मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है । रायपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नं 02 पर  कल पहली वाटर वेंडिंग मशीन लगाई गई है । रेलवे का दावा है कि रायपुर में  जल्द ही 6 और मशीने एवं  दुर्ग स्टेशन  में भी ऐसी 05 मशीनें लगाई जाएगी ।

इस मशीन से मिलने वाली पानी की कीमत, अन्य बोतल बंद  मिनरल वाटर  की कीमत से काफी कम है।  वाटर वेंडिंग मशीन के माध्यम से यात्रियों को फिल्टर्ड और स्वच्छ पानी मात्र ?03 प्रति 300 मिलीलीटर की दर से उपलब्ध है । इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुविधा के लिए 500 मिलीलीटर, 1 लीटर 2 लीटर और 05 लीटर की मात्रा में भी पानी किफायती दरों पर उपलब्ध कराया गया है । यात्रियों के पास स्वयं की बोतल लाने का विकल्प भी है, जिससे प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी।

मशीनें स्वचालित  हैं जिससे यात्रियों को त्वरित और आसान सेवा प्राप्त होगी । दर इस प्रकार है-बिना कंटेनर एवं कंटेनर सहित अलग अलग है। 300 मिली बिना कंटेनर 2 रुपए,  कंटेनर सहित 3 रुपए,  500 मिली बिना कंटेनर 3 रुपए, कंटेनर सहित  5 रुपए, 1 लीटर बिना कंटेनर 5 रुपए, कंटेनर सहित 8 रुपए,  2 लीटर बिना कंटेनर 8 रुपए, कंटेनर सहित12 रुपए, 5 लीटर बिना कंटेनर 20 रुपए, कंटेनर सहित 25 रुपए। 

बाकी स्टेशनों में नलों का गर्म पानी!!

बाकी स्टेशनों को लेकर फिलहाल कोई योजना नहीं है । इस गर्मी भी भिलाई, कुम्हारी, बैकुंठ, हथबंद, तिल्दा,भाठापारा, बिल्हा और स्टेशनों में यात्रियों को पुरानी ही व्यवस्था से नलों से गर्म पानी  या खानपान के वेंडर स्टाल से पानी खरीदना होगा।


अन्य पोस्ट