रायपुर

डायल 112 का आपरेशन जाना डीजीपी गौतम
06-Mar-2025 4:47 PM
डायल 112 का आपरेशन जाना डीजीपी गौतम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 मार्च। 
पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम ने बुधवार को  डायल 112 कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।एडीजी प्रदीप गुप्ता ने उन्हें डायल 112 सी-4 की पूरी संचालक प्रक्रिया बताई। डायल 112 में  पुलिस-फायर-चिकित्सा संबंधी आकस्मिक जरूरतों के मद्देनजऱ जरूरतमंद नागरिकों द्वारा कॉल करके और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से  संपर्क किया जाता है।

गुप्ता ने बताया कि जरूरतमंद का कॉल सी-4 स्थित कॉल टेकर सेक्शन में प्राप्त होती है, जिस पर फ्लोर पर उपस्थित कॉल टेकर के द्वारा कॉलर से आवश्यक पूछताछ कर इवेंट बनाया जाता है जिसे तकनीकी भाषा में सीएफएस (कॉल फॉर सर्विस) कहा जाता है। कॉल टेकर द्वारा बनाये गए सीएफएस को कंप्लीट करते ही यह इवेंट कम्प्यूटर ऐडेड डिस्पेच प्रणाली के माध्यम् से रियल टाईम में संबंधित जिला के डिस्पेचर स्टॉफ के सिस्टम में दिखाई देती है, जो उस घटनास्थल के नजदीक उपलब्ध ईआरव्ही (इमरजेंसी रिस्पाँस व्हीकल) को सिस्टम में खोज कर आवश्यकतानुसार एक या एक से अधिक ईआरव्ही को उस इवेंट को अटैंड करता है। इवेंट होते ही ईआरव्ही में लगे एमडीटी (मोबाईल डेटा टर्मिनल) डिवाइस की मदद से तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो जाता है। इस पूरी प्रक्रिया का सी-4 में मौजूद पुलिस पर्यवेक्षण अधिकारी और संबंधित जिला के डीपीसीआर (डिस्ट्रिक्ट पुलिस कंट्रोल रूम) स्टॉफ द्वारा निगरानी की जाती है। इवेंट समाप्त होने पर ईआरव्ही स्टॉफ द्वारा की गई कार्यवाही के संबंध में एक ब्रीफ नोट लिखा जाता है, जिसे एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) कहा जाता है। पुलिस अधिकारियों द्वारा समय-समय पर कॉलरों से संपर्क कर फीडबैक लिया जाता है, ताकि सर्विस की गुणवत्ता में आवश्यक सुधार किए जा सकें।
 


अन्य पोस्ट