रायपुर

दुकानें आबंटित न होने से पूरे परिसर ध्वस्त होने की कगार पर
04-Mar-2025 4:05 PM
दुकानें आबंटित न होने से पूरे परिसर ध्वस्त होने की कगार पर

दुर्ग निगम की अव्यवस्था पर मंत्री साव को घेरा यादव ने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 मार्च। भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने मंगलवार को विधानसभा में  नगर निगम दुर्ग अंतर्गत निर्मित  व्यावसायिक परिसरों की दुकानों के जर्जर होने का मामला उठाया। अपनी ध्यानाकर्षण सूचना में यादव ने कहा कि  निर्मित दुकाने आज  दिनांक तक  आबंटित नहीं की गई न ही विक्रय किये जाने की कार्यवाही की गई है। इससे सभी व्यावसायिक परिसरों की स्थिति बहुत खराब हो गई है कुछ व्यावसायिक परिसरों के भवन तो इतने जर्जर हो गए है कि उसको ध्वस्त किए जाने की स्थिति निर्मित है।

उसी प्रकार नवीन निर्मित व्यावसायिक परिसरों की स्थित्ति बिना उपयोग किए जर्जर होते जा रही है। आम जनता एवं व्यापारियों द्वारा निरंतर इन व्यायसायिक परिसरों को आबंटित किए जाने की मांग गई है परंतु निगम के अधिकारियों द्वारा उसे आबंटित किए जाने हेतु वर्तमान स्थिति तक कोई समुचित कार्यवाही नहीं गयी है। इन सभी व्यावसायिक परिसरों को निर्माण कर ऐसे ही छोड़ दिया गया है जिससे राज्य शासन की करोड़ों रूपये की राशि का दुरूपयोग है, जिससे आम जनता एवं व्यापारियों में रोष एवं आक्रोश व्याप्त है।

डिप्टी सीएम अरूण साव ने अपने जवाब में कहा कि नगर निगम दुर्ग  कुल 24 व्यावसायिक परिसरों का निर्माण किया गया है। जिनमें कुल 1700 दुकानें बनाई गई है, इनमें 1581 दुकानों का आबंटन निकाय द्वारा पूर्ण करा लिया गया है तथा 128 दुकानें वर्तमान में रिक्त हैं। 4 व्यावसायिक परिसरों के 4 दुकानों का प्रकरण उच्चतम न्यायालय एवं  उच्च न्यायालय तथा नेशनल उपभोक्ता फोरम में प्रकरण विचाराधीन होने के कारण आबंटन शेष है। 107 दुकानों हेतु निविदा प्रक्रिया जारी है। 01 व्यावसायिक परिसर में 2 दुकानों में प्रीमियम राशि जमा कराई गयी, आवंटन की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। शेष दो परिसर की 15 दुकानों के लिए निविदाकारों के द्वारा निविदा में भाग नहीं लेने के कारण आबंटन शेष है।

साव ने कहा रिक्त दुकानों के आबंटन के लिए  लगातार निविदा की कार्यवाही की जा रही है। गंजमण्डी व्यावसायिक परिसर एवं जलगृह काम्पलेक्स हेतु ग्यारह बार निविदा आमंत्रित की गई है। रिक्त 128 दुकानों में से 107 दुकानों के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। गंज मण्डी व्यावसायिक परिसर में 58 एवं जलगृह कॉम्पलेक्स में 33. वाई-रोप ओव्हर ब्रिज के नीचे 03 दुकान आईएमएसडीपी 10 दुकान स्थित है। 03 दुकान (रायपुर नाका व्यावसायिक परिसर तथा गौरव कॉम्पलेक्स) की निविदा प्रक्रिया प्रस्तावित है। उपरोक्त सभी दुकान अच्छी स्थिति में है।

 कुछ दुकानों का टूट-फूट एवं प्लास्टर खराब हुई है जो मरम्मत योग्य है। अत: कहना सही नहीं है कि पूर्व में निर्मित सभी व्यावसायिक परिसरों की स्थिति बहुत खराब है, तथा जर्जर होने के कारण ध्वस्त किये जाने की स्थिति है। यह कहना भी सही नहीं है कि सभी व्यावसायिक परिसरों को निर्माण कर छोड़ दिया गया है, तथा शासन का करोड़ों रूपये की राशि का दुरूपयोग हो गया है। दुकानों के आबंटन हेतु प्रक्रिया जारी है।


अन्य पोस्ट