रायपुर

बजट किसी को समझ नहीं आ रहा-भूपेश, जनता को एक श्रेष्ठ बजट सौंपा-किरण
03-Mar-2025 8:02 PM
 बजट किसी को समझ नहीं आ रहा-भूपेश, जनता को एक श्रेष्ठ बजट सौंपा-किरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 मार्च। प्रदेश कांग्रेस ने साय सरकार के दूसरे बजट को निराशाजनक बताया है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि मोदीजी कहते हैं डिजिटल इंडिया लेकिन मोदी की गारंटी वाली साय सरकार के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने डिजिटल इंडिया के नारे का सत्यानाश किया है। 100 पन्नों का हस्तलिखित कागजी बजट पेश किया, ताकि जनता को समक्ष में न आए। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिना किसी ठोस योजना के सतही कल्पनाओं पर आधारित नीरस बजट है। ऐसा लग रहा था वित्त मंत्री छत्तीसगढ़ का बजट नहीं मोदी की चरण वंदना कर रहे थे। साय सरकार का बजट आम जनता के अपेक्षा और उम्मीदों के विपरीत घोर निराशाजनक रहा है, ना इसमें युवाओं के रोजगार के संदर्भ में कोई रोड मैप दिख रहा है, ना ही महंगाई से निपटने कोई ठोस रणनीति है।  मोदी की गारंटी में किये गये वादे 1 लाख नौकरियों के सृजन के बारे में इस वर्ष के बजट में भी कुछ नहीं है। महिलाओं के लिए 500 रू. में सिलेंडर देने के बारे में बजट में कुछ नहीं है। पिछले बजट में 33,000 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा किये थे एक भी भर्ती नहीं कर पाये। इस वर्ष फिर से 20,000 शिक्षकों की भर्ती की बात कर रहे है।

 प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह ने राज्य के बजट को दूरदर्शी बजट कहा है । देव मे कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास की गति  बढ़ाने वाला बजट, जनता को एक श्रेष्ठ बजट सौंपा गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री  ओपी चौधरी का हम अभिनंदन करते है। इस बजट का डिप्टी सीएम अरूण साव केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत भाजपा के सभी मंत्री विधायकों ने स्वागत किया।

 स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े डॉ. संजय शुक्ला ने छत्तीसगढ़ सरकार के नवीन बजट को आरोग्य की दिशा में सार्थक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि विष्णदेव सरकार के इस बजट में मोदी सरकार द्वारा आयुष पद्धतियों के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों की झलक मिल रही है। नवीन बजट में सरकार ने 4  योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना के साथ ही आयुर्वेद कॉलेज के लिए 4 करोड़ की राशि का प्रावधान किया है। इस निर्णय से राज्य में आयुर्वेद तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहन मिलेगा जिसकी आज सबसे ज्यादा आवश्यकता है। इसके अलावा नवीन बजट मे 6 फिजियोथेरेपी कॉलेज एवं 50 विकास खंडों में सिकलसेल स्क्रीनिंग सेंटर की स्थापना की घोषणा की गई है जो जनस्वास्थ्य की दिशा में स्वागतेय कदम है। उन्होंने इस बजट को प्रदेश के आर्थिक सेहत के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी उत्तम बजट बताया है।

बकाया डीए के भुगतान पर कुछ खुश तो  एरियर्स पर चुप्पी से खफा भी

साय सरकार के बजट में चालू वर्ष के बकाए महंगाई भत्ते के भुगतान की घोषणा पर मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है। अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा,आप पार्टी के कर्मचारी विंग के संयोजक विजय झा ,मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत  ने स्वागत किया है। वर्मा ने सीएम साय और वित्त मंत्री को धन्यवाद दिया है । वहीं  पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने  बजट को राज्य के पेंशनरों और कर्मचारियों के लिए आशाजनक बताया है और पेंशनरों को डीआर देने सहमति हेतु मध्यप्रदेश सरकार को तुरंत पत्र लिखे जाने की मांग की है।

मोदी की गारंटी के अनुसार केंद्र के समान केंद्र द्वारा देय तिथि जनवरी 24 से बकाया 3त्न डीए को मार्च पेड अप्रेल 25 होने से 14 माह का एरियर देने मामले में बजट में कोई प्रावधान न होने से आम कर्मचारियों, पेंशनरों और परिवार पेंशनरों को बहुत अधिक निराशा हुई है। पेंशनरों के मामले में तत्काल मध्यप्रदेश को डीआर देने तत्काल पत्र लिखने की मांग की है।पेंशनर्स महासंघ के प्रमुख पदाधिकारी क्रमश: श्रीमती द्रौपदी यादव, बी के वर्मा, पूरन सिंह पटेल, आर एन ताटी,  अनिल गोलहानी, जे पी मिश्रा, टी पी सिंह, बी एस दसमेर, अनिल पाठक, आर जी बोहरे आदि ने बजट में कर्मचारी जगत के लिए महंगाई भत्ता 3त्न प्रतिशत बढ़ाने पर आभार जताते हुए 13 महीने का एरियर हजम किए जाने पर नाखुशी जाहिर किया है।


अन्य पोस्ट