रायपुर

निगम मंडलों के लिए नाम तय, पहली सूची किसी भी दिन, पुरानों को फिर अवसर ?
02-Mar-2025 3:30 PM
निगम मंडलों के लिए नाम तय, पहली सूची किसी भी दिन, पुरानों को फिर अवसर ?

पार्टी हाईकमान को नाराजगी भरे ई-मेल भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 मार्च।
नगरीय निकाय, और पंचायत चुनाव में भारी सफलता से उत्साहित सरकार निगम-मंडलों में नियुक्ति कर सकती है। कहा जा रहा है कि रविवार को कैबिनेट में इस मसले पर अनौपचारिक चर्चा हो सकती है।

करीब एक वर्ष के लंबे इंतजार  के बाद निगम- मंडलों की प्रस्तावित सूची के नाम तय कर लिए गए हैं। हल्ला है कि यह सूची अगले दो तीन दिन में जारी हो सकती है।
चर्चा है कि तय हो चुकी इस सूची में  संजय श्रीवास्तव, प्रबल प्रताप सिंह जुदेव, सौरव सिंह, केदारनाथ गुप्ता, भूपेंद्र सिंह सवन्नी, राजीव अग्रवाल, श्रीनिवास भद्दी, अनुराग सिंहदेव शामिल हैं। इनमें दो संगठन में महामंत्री हैं तो तीन विधानसभा चुनाव हार चुके हैं। वहीं शेष रमन सरकार के समय में भी मंडल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष रहे तीन नेता, और रायपुर के पूर्व शहर अध्यक्ष शामिल हैं।

पार्टी ने पूर्व में यह मापदंड तय किया था कि विस चुनाव हारे, पूर्व में निगम मंडलों में रहे और संगठन के पदाधिकारियों के बजाए नए चेहरों को अवसर दिया जाएगा। पर जो नाम सामने आए हैं वे ये सभी मापदंडों के विपरीत हैं। इसे लेकर संगठन में सक्रिय रहकर विधानसभा से  निकाय चुनाव तक सक्रिय रह पार्टी के लिए काम करने वाले नाराजगी जता रहे हैं। ऐसे ही कुछ सक्रिय नामचीन  नेताओं ने पार्टी हाईकमान कहे जाने वाले शीर्ष नेतृत्व को मेल, फेसबुक पोस्ट कर जमकर विरोध और नाराजगी जता रहे हैं। वहीं डिप्टी सीएम  अरूण साव  केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने  रविवार को पटना में प्रभारी नितिन नवीन से मिलकर नियुक्तियों को लेकर  अपनी बात रखी है। वे दोनों तैलिक सभा के कार्यक्रम में गए हुए थे । साव कैबिनेट की बैठक के लिए लौट आए हैं। पार्टी में मचे हलचल के बीच सूची जारी न होने  को लेकर भी आशंका बढ़़ गई है ।
 


अन्य पोस्ट