रायपुर

मेयर के बेटे ने बीती रात बीच सडक़ मनाया बर्थडे
01-Mar-2025 2:38 PM
मेयर के बेटे ने बीती रात  बीच सडक़ मनाया बर्थडे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 मार्च।
मुख्य सचिव ने शुक्रवार दोपहर ही बीच सडक़ पर बर्थ डे मनाने पर पाबंदी लगाते हुए एसपी कलेक्टर को ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने फ्री हैंड दिया था। और नव निर्वाचित मेयर मीनल चौबे के बेटे ने आधी रात बीच सडक़ दोस्तों के साथ अपने बर्थ डे का केक काटा और आतिशबाजी की।मां के मेयर बनने के बाद यह पहला बर्थ डे होने के कारण उत्साह अधिक था। इसका वीडियो वायरल है। 

यह आयोजन चंगोराभाठा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास रोड किनारे चौराहे पर किया गया था। इससे 10-12 मीटर दूर कई दुकानें, मकान भी हैं। 
मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद एसएसपी लाल उमेद सिंह और जिला कलेक्टर गौरव सिंह ने वीडियो वायरल कर ऐसे लोगों को आगाह करते हुए पकड़े जाने पर 126-2,3-5 बीएनएस को तहत कार्रवाई करने की बात कही थी। साथ ही एसएसपी ने एक माह की जेल पांच हजार जुर्माना और  प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत बांड ओवर करने के प्रावधान जैसी बातें भी कहीं हैं। एसएसपी और कलेक्टर ने रायपुर वासियों से इस तरह की गतिविधियों से बचने और सुरक्षित तरीके से अपना उत्सव मनाने की अपील की है।

इससे पहले  मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने दोपहर  उच्च स्तरीय बैठक में सडक़ों पर जन्मदिन मनाने, पंडाल लगाने और भंडारा आयोजित कराने जैसे कार्यक्रमों को हतोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक यातायात बाधित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।मुख्य सचिव ने कहा था कि यदि कोई व्यक्ति सडक़ों पर जन्मदिन, पार्टियां, भंडारा, या अन्य निजी कार्यक्रम आयोजित करता है, तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे आयोजनों में शामिल वाहनों को भी जब्त करने और आयोजकों पर भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

बता दें कि फरवरी में ही पिछले दिनों रायपुरा रिंग रोड पर पांडे परिवार के युवकों के ऐसे आयोजन पर पुलिस ने तीसरे दिन कार्रवाई की थी। और उसके बाद युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष और दोस्तों का पीछा कर एसएसपी और सीएसपी ने रोहिणीपुरम में गिरफ्तार किया था। इन पर एफआईआर के बाद 15 घंटे गिरफ्तारी में रखा गया था। अब इस मामले में कब और  क्या कार्रवाई होती है यह देखना होगा। सीएस के कड़े निर्देशों के बाद यह पहला मामला सामने आया है, लेकिन कार्रवाई अब तक शून्य है। इसे लेकर पुलिस और मेयर दोनों सोशल मीडिया में ट्रोल हो रहे हैं।

सॉरी कह दिया मीनल ने ...!! महापौर मीनल चौबे ने कहा कि मेरे बेटे से गलती तो हुई है अब उन्हें नियमों से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मैं जनता की सेवा करने के लिए आई हूं। मेरे या मेरे परिवारजनों से कोई भी तकलीफ हुई है तो मैं क्षमा मांगती हूं।
 


अन्य पोस्ट