रायपुर

होली से पहले 3 प्रतिशत डीए देने की घोषणा बजट सत्र में करे सरकार
28-Feb-2025 5:06 PM
होली से पहले 3 प्रतिशत डीए देने की घोषणा बजट सत्र में करे सरकार

डीए डीआर के मामले में मोदी के गारंटी को धता बताने पर हैरानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,  28 फरवरी।
राज्य के पेंशनरों और कर्मचारियों ने होली के पूर्व 1 जुलाई 24 से बकाया 3 प्रतिशत डीए डीआर एरियर सहित देने की  मांग की है। पेंशनर्स फेडरेशन ने  इस मामले पर मोदी की गारंटी को धता बताने पर  हैरानी जाहिर किया है।

प्रदेश संयोजक वीरेन्द्र नामदेव ने आगे बताया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा डीए के मामले में संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) में मोदी के गारंटी के तहत भाजपा की सरकार आने पर केंद्र के समान केंद्र के तिथि से कर्मचारियों व पेंशनर्स को डीए देने बात लिखित रूप में की है।

प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों ने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया। राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार सत्तारूढ़ भी हो गई हैं परन्तु ऐसा लगता है राज्य सरकार मोदी की गारंटी की उपेक्षा कर रही है क्योंकि सरकार आने के बाद जनवरी 24 से 4 प्रतिशत डीए का पूरा एरियर हजम कर गए जो इस बात को सिद्ध करता है। फेडरेशन से जुड़े पेंशनर संगठन क्रमश: छत्तीसगढ़  पेंशनधारी कल्याण संघ, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ, पेंशनर्स एसोशियेशन छत्तीसगढ़ आदि ने कर्मचरियों और पेंशनरों के लिए जुलाई 24 से बकाया 3 प्रतिशत डीए डीआर के आदेश एरियर सहित देने के लिए होली के पूर्व जारी करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट