रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 फरवरी। रायपुर नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर श्रीमती मीनल चौबे ने गुरुवार को पद की शपथ ली। मेयर के साथ-साथ सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को भी शपथ दिलाई गई। मेयर ने जय श्री राम के जयघोष के साथ ही मेयर पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में सीएम विष्णुदेव साय, स्पीकर डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव, और दोनों डिप्टी सीएम अरूण साव व विजय शर्मा के साथ ही कृषि मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल व चारों विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू भी थे। इंडोर स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मेयर और वार्ड पार्षदों को शपथ दिलवाई। छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के मेयर और पार्षदों ने शपथ ली। इस मौके पर संगठन के नेता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, संजय श्रीवास्तव, श्रीचंद सुंदरानी, जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।