रायपुर

चेम्बर चुनाव से पहले ही विवाद, सराफा एसोसिएशन ने लगाए आरोप
27-Feb-2025 6:40 PM
चेम्बर चुनाव से पहले ही विवाद, सराफा एसोसिएशन ने लगाए आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 फरवरी। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स के चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है। सराफा एसोसिएशन ने चेम्बर के संविधान में संशोधन पर आपत्ति की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि व्यापारियों की सबसे बड़ी संस्था क्षेत्रवाद के शिकंजे में फंस गई है।

सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि चुनाव से पहले ही सदस्यों के अधिकार का असंवैधानिक तरीके से हनन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र विशेष के सदस्यों को लाभ और खुद के स्वार्थ के लिए पदाधिकारियों ने चेम्बर का उपयोग किया है।

सोनी ने बताया कि चेम्बर में यह प्रावधान था कि चेम्बर में अध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष दो कार्यकाल से ज्यादा नहीं रहेंगे। मगर नये संशोधन में जो दो बार संघ का कार्यकाल पूरा कर चुका हो वह तीसरी और चौथी बार भी चुनाव लड़ सकता है। इससे व्यापारियों के पैनल का एकाधिकार और संस्था में काबिज होने पर व्यापारिक हित का नुकसान होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि अध्यक्ष, महामंत्री, और कोषाध्यक्ष रायपुर, नया रायपुर में से किसी एक विधानसभा का निवासी और कार्य क्षेत्र होगा। उक्त नियम से राज्य के अन्य जिलों और क्षेत्रों के सदस्यों और संस्था के मूल उद्देश्यों की अवहेलना की गई है।


अन्य पोस्ट