रायपुर

कोर्ट में हो रही हार पर गृह विभाग की आईजी,एसपी डीएम को हिदायत
27-Feb-2025 6:37 PM
कोर्ट में हो रही हार पर गृह विभाग की आईजी,एसपी डीएम को हिदायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 फरवरी। हाईकोर्ट में हो रही हार के बाद गृह विभाग ने सभी आईजी, डीएम,एसपी को पत्र भेजकर न्यायालयीन प्रकरणों में शासन का हित संरक्षित करते हुए जवाब पेश करने की हिदायत दी है।

इस संबंध में जीएडी के पत्र के हवाले से कहा गया है कि शासन के संज्ञान में यह बात आई है कि माननीय उच्च न्यायालय में याचिका दायर होने के पश्चात् प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति में अनावश्यक विलम्ब होता है जिससे कि न्यायालय में अप्रिय स्थिति निर्मित होती है। कई बार नियुक्त प्रभारी अधिकारी को प्रकरण की सम्पूर्ण जानकारी भी नहीं होती है, या प्रकरण में बिना पर्याप्त दस्तावेज, अभिलेख के ही जवाबदावा तैयार करने हेतु महाधिवक्ता कार्यालय से सम्पर्क किया जाता है।

इस असहज स्थिति को देखते हुए  निर्देश दिये जाते है कि याचिका दायर होने की सूचना प्राप्त होते ही, प्रशासकीय विभाग तत्परता से प्रभारी अधिकारी नियुक्त करें। प्रभारी अधिकारी नियुक्त करते समय यह विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए कि प्रभारी अधिकारी प्रकरण के संबंध में उसके सभी पहलुओं से भलि-भांति अवगत हो।

 प्रभारी अधिकारी का यह दायित्व है कि वह संगतयुक्त दस्तावेज/अभिलेख इत्यादि को विशेष प्रयास देकर संकलन करे।  यह भी आवश्यक है कि विभाग अपने स्तर से जिन अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी नियुक्त करते हैं उनका प्रशिक्षण भी करायें, जिससे वे अपने कर्तव्य एवं दायित्यों से अवगत हों। विभागों से यह भी अपेक्षा की जाती है कि प्रकरण में जवाबदावा प्रस्तुत होने से पूर्व संबंधित प्रभारी अधिकारी को उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। प्रभारी अधिकारी  महाधिवक्ता कार्यालय से सम्पर्क कर, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जवाब तैयार करवाया जावे तथा जवाब प्रस्तुत करने के पूर्व विभाग के सचिव से अनुमोदन भी प्राप्त किया जावे।  विशेष प्रकरणों में प्रभारी अधिकारी नियुक्त करने में विलम्ब होने की स्थिति निर्मित होने पर, प्रशासकीय विभाग में न्यायालयीन प्रकरणों हेतु नियुक्त नोडल अधिकारी, प्रभारी अधिकारी के रूप में कार्य संपादित करे।


अन्य पोस्ट