रायपुर
जम्वाल ने कहा 15 प्रतिशत जगह हार की होगी समीक्षा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 फरवरी। निगमों के सभापति, पालि काम पंचायतों में उपाध्यक्ष चुनाव के लिए नियुक्त भाजपा पर्यवेक्षकों की सोमवार को बैठक हुई।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि नगर निगम सभापति ,नगर पालिका अध्यक्ष के लिए 4 से 6 मार्च, नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 9 से 11 मार्च तक हमें सारी प्रकिया को पूर्ण करना है। देव ने कहा हम सबने पंचायत से पार्लियामेंट भाजपा का लक्ष्य रखा था। सबकी मेहनत से ये हासिल कर लिया गया है। पंचायत चुनाव के 33 जिलों में 30 जिलों में भाजपा प्रचंड जीत की ओर है ये एक बड़ा जनादेश है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 3200 वार्डो में से 1868 वार्ड में भाजपा की जीत हुई है। हमारा जनाधार लगातार बढ़ रहा है। विधासनभा में 46 प्रतिशत लोकसभा में 52 प्रतिशत और नगरीय निकाय चुनाव में 56 प्रतिशत वोट हमें मिले हैं। हम लगातार अपने रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने सभी को जीत को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा ने 85 प्रतिशत रिजल्ट हासिल किया, लेकिन 15 प्रतिशत कांग्रेस के पक्ष में आए नतीजों की भी हम समीक्षा करेंगे। सरकार की नीतियां अब हर घर तक पहुंचे इसके लिए हम सबको कार्य करना है।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने निगम के सभापति सहित अन्य सभी बाकी कार्यों हेतु, आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र सिंह सवन्नी ने भी संबोधित किया ।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा, निकाय चुनाव समिति प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र सिंह सवन्नी, पंचायत चुनाव समिति प्रदेश प्रभारी सौरभ सिंह सहित पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सांसद द्वय संतोष पाण्डेय व रूपकुमारी चौधरी, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, छगन मूंदड़ा, दीपक म्हस्के, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी आदि उपस्थित रहे। बैठक की कार्यवाही का संचालन प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने और आभार प्रदर्शन प्रदेश महामंत्री रामजी भारती ने किया।