रायपुर
वन मंत्री ने की घोषणा, पीसीसीएफ करेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 फरवरी। कटघोरा, मरवाही वन मंडलों में तालाब निर्माण को लेकर कांग्रेस विधायकों ने वन मंत्री केदार कश्यप को घेरा। नेता प्रतिपक्ष ने भी कहा कि मौके पर इन मंडलों में तालाब सडक़ बनने के चिन्ह भी नहीं है ।
मंगलवार को प्रश्न काल में कटघोरा वन मंडल में स्वीकृत और अधूरे कामों का मामला उठा। विधायक ने कहा कि क्या सभी निर्माण की एजेंसी वन विभाग ही है? मंत्री ने कहा कि मनरेगा,डीएमएफ कैम्पा मद से ये निर्माण वन विभाग ही करता है। विधायक ने कहा कि कटघोरा वन मंडल में 23-24कार्य प्रगतिरत बताए गए हैं। जबकि धरातल पर कोई काम नहीं है। इसी तरह से 24-25 के काम भी प्रगति में बताए गए हैं।
मंत्री कश्यप ने विधायक से कहा कि आप ऐसे कार्यों की सूची दे दे दिखवा लूंगा। विधायक ने कहा कि काम शुरू ही नहीं हुए हैं। और प्रगति बताई जा रही है। क्षतिपूर्ति वृक्षारोपण कहां करा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि विस्तृत जानकारी दे दूंगा?। नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने पूरक प्रश्न में कहा कि मरवाही में भी सडक़ निर्माण बताया गया है। जबकि इसके चिन्ह भी नहीं है। क्या बीते 4-5वर्षों की जांच कराएंगे। इस पर भाजपा के अजय चंद्राकर ने कहा कि आप अपने (18-23) शासन काल के कार्यों की जांच करवाना चाहते तो अनुमति दे दी जानी चाहिए। वन मंत्री कश्यप ने कहा कि पूरी जानकारी दे दें पीसीसीएफ स्तर के अफसर से जांच करा लेंगे। महंत ने कहा कि प्रश्न उठाने वाले दोनों विधायकों की भी जानकारी जांच में ले लें।