रायपुर

आधे अधूरे उत्तर पर स्पीकर ने प्रश्न पर चर्चा अगले सप्ताह के लिए बढ़ा दी
25-Feb-2025 4:30 PM
आधे अधूरे उत्तर पर स्पीकर ने प्रश्न पर चर्चा अगले सप्ताह के लिए बढ़ा दी

मंत्री वर्मा घिरे, सिंह ने कहा अगली चर्चा से पहले पूरा उत्तर दे दें 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,  25 फरवरी। 
भारत माला परियोजना  में अधिग्रहीत जमीन के मुआवजे को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत के प्रश्न ये आधे अधूरे उत्तर को देख स्पीकर डॉ रमन सिंह ने प्रश्न पर चर्चा अगले सप्ताह तक बढ़ा दी। डॉ. सिंह ने व्यवस्था दी कि आगामी प्रश्नोत्तर की तिथि से पहले उत्तर दे दें ताकि उसे पढक़र सदस्य प्रश्न कर सकें।

 मंगलवार को  महंत ने कहा कि 28 दिन पहले  इसको लेकर प्रश्न लगाया था, लेकिन आज जब प्रश्नकाल में उसका उत्तर  जानकारी एकत्रित की जा रही है का आया है। इसका मतलब है कि कुछ छिपाया जा रहा है या विभाग बताना ही नहीं चाहता? इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने व्यवस्था दी कि अगली बार प्रश्नकाल में जब भी राजस्व विभाग के सवाल रखे जाएंगे तब यह प्रश्न पहले नंबर पर रहेगा। इसके साथ ही डॉ. रमन ने मंत्री से कहा कि वे प्रश्नकर्ता नेता प्रतिपक्ष को उत्तर जल्द से जल्द भेजवा दें ताकि वे पढ़ लें और सदन में प्रश्न कर सकें। इसके साथ ही यह प्रश्न अगले प्रश्नकाल के लिए बढ़ा दिया।

डॉ. महंत ने अपने प्रश्न में भारतमाला परियोजना हेतु जिला रायपुर, बिलासपुर एवं कोरबा में अर्जित निजी, शासकीय एवं वनभूमि के भू-स्वामी का नाम, खसरा नंबर, रकबा, सिंचित, असिंचित सहित तहसीलवार विवरण मांगा था। साथ ही उन्होंने मुआवजा की दर और तीनों प्रकार की भूमि में पेड़ों की कटाई को लेकर भी सवाल किया था। डॉ. महंत ने यह भी पूछा था कि कितने भू-स्वामियों और शासकीय भूमि का मुआवजा वितरण कर दिया गया है? डॉ. महंत ने पूछा कि कितना वितरण किया जाना शेष है? वितरण में विलम्ब का कारण क्या है ? क्या रायपुर जिले के ग्राम नायक बांधा में किसानों के 32 खाते को 247 छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित कर मुआवजा का निर्धारण एवं वितरण किया गया है? इतनी बड़ी अनियमितता के बाद भी कार्रवाई तो दूर उत्तर नहीं दिया गया। कलेक्टर रायपुर द्वारा संस्थित जांच का निष्कर्ष तथा लोक सेवकों के विरूद्ध कार्यवाही का विवरण क्या है। कार्य एजेंसी का नाम, पता, अनुबंध की तिथि, लागत राशि तथा कार्य पूर्णता अवधि की भी जानकारी उन्?होंने मांगी थी। पूर्व सीएम बघेल ने भी भारत माला परियोजना में शामिल दुर्ग के ऐसे ही मामले उठाने की अनुमति मांगी तो अध्यक्ष ने नामंजूर कर दिया।


अन्य पोस्ट