रायपुर
जन समस्या पर मूणत के प्रश्न, और मंत्री कश्यप ने की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 फरवरी। मंगलवार को आवास निर्माण के लिए गृह निर्माण सोसाइटियों की एनओसी को लेकर हो रही परेशानी , सोसाइटी पदाधिकारियों की वसूली भ्रष्टाचार का मामला विधानसभा में गूंजा।
भाजपा विधायक राजेश मूणत के प्रश्नों पर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार जल्द ही आनलाइन एनओसी की व्यवस्था कर रही है।
प्रश्न काल में मूणत ने अपने प्रश्न को लिखित उत्तर को पढक़र कहा कि 4 माह पहले मेरे ध्यानाकर्षण सूचना पर दिए गए जवाब को ही फिर से रिपीट कर दिया गया है । इससे विभाग की गंभीरता समझी जा सकती है। और फील्ड में यह हाल है कि इन सोसाइटी के लोग एनओसी के लिए भटक रहे हैं। उस वक्त जवाब में कमेटी गठित करने की बात कही गई थी। इस पर मंत्री कश्यप ने कहा कि सरकार गंभीर है। हमने पिछले सत्र में ही आश्वस्त किया था। उसके अनुरूप 3-9-24 को 4 सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। कमेटी की दो बैठकें 30-11-24,और 24-1-25 को दो बैठकें हो चुकी है। कमेटी बायलाज बना रही है। उसका प्रारूप आने पर आगे कार्रवाई करेंगे। आने वाले समय में सोसायटियों से ऐसी कोई शिकायत नहीं मिलेगी। और हम एनओसी को आनलाइन करने जा रहे हैं। मूणत ने कहा कि मंत्री जी आप गंभीर हो मगर आपके अफसर नहीं हैं। राजधानी में ही उदया, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी अनुपम नगर समेत ,40 सोसाइटी है जहां कई प्लाट खाली हैं। लोगों ने बेचा और खरीदा है। कई प्लाट विवादित हैं। बिना एनओसी के रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। जनता को राहत पहुंचाने कोई गाइड लाइन बनाए। प्रदेश में सुशासन की साय सरकार है, तो सांय सांय कर दे। सहकारिता मंत्री ने कहा कि मॉडल बायलाज बना रहे हैं। जल्द इसका प्रारूप आने वाला है। भविष्य में एनओसी को लेकर कोई शिकायत न हो ऐसी व्यवस्था करने जा रहे हैं।