रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 फरवरी। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तृतीय चरण का चुनाव 23 फरवरी को संपन्न हुआ । निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि तृतीय चरण में राज्य के 50 विकासखण्डों में मतदान हुआ। 81.35 प्रतिशत पुरूष, 81.87 प्रतिशत महिला एवं 10.77 प्रतिशत अन्य मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस प्रकार राज्य में मतदान का औसत 81.11 प्रतिशत रहा।
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तृतीय चरण में 23 फरवरी को पंच पदों के लिए 30 हजार 990, सरपंच के लिए 3 हजार 802, जनपद सदस्य के लिए 1 हजार 122 एवं जिला पंचायत सदस्यों के 145 पदों के लिए मतदान हुआ। पंच पद के 76 हजार 199, सरपंच पद के 17 हजार 191, जनपद सदस्य के 4 हजार 659 और जिला पंचायत सदस्य के 839 अभ्यर्थियों ने तृतीय चरण में चुनाव लड़ा।
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि तृतीय चरण के मतदान हेतु 11 हजार 430 मतदान केन्द्र बनाये गए। तृतीय चरण के मतदान हेतु मतदाताओं की कुल 53 लाख 25 हजार 673 है जिसमें 26 लाख 36 हजार 380 पुरूष, 26 लाख 89 हजार 226 महिला एवं 67 अन्य शामिल हैं।