रायपुर

असमिया भाषी डेका ने पूरा संबोधन हिंदी में दिया
24-Feb-2025 4:39 PM
असमिया भाषी डेका ने पूरा संबोधन हिंदी में दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,  24 फरवरी। छठवीं विधानसभा के दूसरे बजट सत्र की शुरूआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से हो गई। डेका का अभिभाषण करीब 40-45 मिनट का रहा। इसमें उन्होंने 39 बिंदुओं में सरकार की उपलब्धि और योजनाओं का उल्लेख किया। मूल असमिया भाषी डेका ने पूरा संबोधन हिंदी में दिया। इस वजह से कुछ उच्चारण की समस्या रही। उन्होंने आंकड़े अंग्रेज़ी में पढ़े । इस दौरान गले में खरास, खांसी की वजह से कुछ परेशानी दूर करने दो बार पानी पिया। विपक्ष ने बिना किसी टोका टाकी के अभिभाषण पूरा सुना और फिर अंत में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि माननीय राज्यपाल महोदय पूरा असत्य कथन कहलवाया गया है। किसी भी गरीब को नहीं मिला 10 हजार।  प्रदेश में कोई योजना संचालित नहीं हो रही है। महतारी वंदन छोड़ सभी योजनाएं बंद हो गई है।

अब कवासी सदन में नही

पहले दिन दोनों पक्ष के विधायकों की उपस्थिति कुछ कम रही। आज सदन में  पूर्व मंत्री कवासी लखमा जेल में होने के कारण नहीं आए जबकि देवेंद्र यादव शामिल हुए। शीत सत्र में कवासी सदन में थे और यादव जेल में। छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित महापौर विधानसभा पहुंचे। अध्यक्षीय दीर्घा से सभी महापौर विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही देखी।

6-20 तक नहीं होगा लंच ब्रेक

रायपुर,  24 फरवरी। बजट सत्र की कार्यवाही की रूपरेखा तय करने विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री  केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। बैठक में समिति ने तय किया कि 6-20 मार्च तक विभागीय बजट पर चर्चा के दिनों में भोजनावकाश नहीं होगा। चर्चा लगातार होगी। राज्यपाल के अभिभाषण, और तृतीय अनुपूरक बजट पेश करने के बाद सदन की कार्रवाई मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। 

नई परंपरा, सत्र से पहले सीएम बोले- बजट जनकल्याकारी होगा

रायपुर,  24 फरवरी। सीएम विष्णु देव साय ने बजट सत्र से पहले नई परंपरा शुरू की है। उन्होंने अभिभाषण से पहले सत्र पर मीडिया से चर्चा की और कहा कि इस वर्ष का बजट भी जनकल्याणकारी और सर्व समावेशी बजट होगा ।

साय मे नगरीय निकायों में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने पर देवतुल्य जनता का आभार, हमारी सरकार शहरों के समुचित विकास हेतु पूर्ण संकल्पित है । प्रदेश में हमारी सरकार सुशासन स्थापित कर

रही है । मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में नई औद्योगिक विकास नीति के माध्यम से हमारी सरकार सरगुजा से लेकर बस्तर तक औद्योगिक विकास का काम कर रही है। प्रयागराज महाकुम्भ में हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का निर्माण किया था, जिसके माध्यम से हमारी सरकार को श्रद्धालुओं की सेवा का पुण्य अवसर प्राप्त हुआ। श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के 20 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन पा चुके हैं। हमारी सरकार द्वारा राजिम कुम्भ कल्प का भी भव्य आयोजन किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट