रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 फरवरी। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (सीसीसीआई) के आगामी चुनावों पर अब विवाद के बादल मंडराने लगे हैं।
रायपुर। सराफा एसोसिएशन ने छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स चुनाव को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे भेदभावपूर्ण करार दिया है। एसोसिएशन का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया को केवल रायपुर केंद्रित बनाकर अन्य जिलों के व्यापारियों को जानबूझकर बाहर रखा जा रहा है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
आगामी चुनावों में केवल रायपुर के व्यापारियों को ही अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर चुनाव लडऩे की अनुमति दी गई है, जबकि अन्य जिलों के व्यापारी इस प्रक्रिया से पूरी तरह बाहर कर दिए गए हैं। इस फैसले के विरोध में सराफा एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है और इसे व्यापारी समुदाय के अधिकारों का खुला उल्लंघन करार दिया है।
सराफा एसोसिएशन ने चेंबर के संविधान की समीक्षा के बाद कई विसंगतियों को उजागर किया है। अनुच्छेद 9(1) में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि, हर सदस्य को मतदान करने, प्रस्ताव रखने और किसी भी पद पर चुनाव लडऩे का समान अधिकार होगा। हालांकि, अनुच्छेद 15(क) में यह स्पष्ट किया गया है कि अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए केवल रायपुर जिले के सदस्य ही चुनाव लड़ सकते हैं।
इस विरोधाभास को उजागर करते हुए कमल सोनी ने कहा, एक ही संविधान में दो विपरीत नियम कैसे हो सकते हैं? जब हर सदस्य को चुनाव लडऩे का समान अधिकार दिया गया है, तो फिर रायपुर के व्यापारियों को विशेषाधिकार क्यों दिया गया है? इस मामले के खुलासे के बाद अब अन्य जिलों के व्यापारिक संगठनों में भी भारी रोष है। कई व्यापारिक संगठनों को अब जाकर इस नियम की जानकारी मिली, जिससे व्यापारी समुदाय में गहरी नाराजगी है।
कमल सोनी ने कहा, इस नियम की जानकारी अन्य जिलों के व्यापारियों को पहले क्यों नहीं दी गई? क्या चैंबर के कुछ गिने-चुने लोग अपने हित साधने के लिए यह खेल खेल रहे हैं? छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर चैंबर ने चुनावी प्रक्रिया में तत्काल संशोधन नहीं किया तो व्यापारी समुदाय इसे लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ेगा।यदि चैंबर इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लेता और आवश्यक सुधार नहीं करता, तो हम इसे उच्च न्यायालय तक ले जाएंगे। यदि चैंबर अपनी रायपुर-केंद्रित नीतियों पर अड़ा रहा, तो यह चुनाव अब केवल व्यापारी प्रतिनिधित्व का मुद्दा नहीं रहेगा, बल्कि व्यापारिक राजनीति का सबसे बड़ा विवाद बन सकता है।