रायपुर

स्वच्छता दीदियों-सफाई मित्रों को वीकली आफ, ड्यूटी 8 घंटे, हर महीने स्वास्थ्य परीक्षण
22-Feb-2025 6:53 PM
स्वच्छता दीदियों-सफाई मित्रों को वीकली आफ, ड्यूटी 8 घंटे, हर महीने स्वास्थ्य परीक्षण

वर्दी, एपरेन, दस्ताने, मोजे, मास्क, जूते, टोपी और रेनकोट भी दिए जाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 फरवरी। स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के लिए आठ घंटे की कार्यावधि निर्धारित करने के साथ ही साप्ताहिक अवकाश और महीने में एक दिन का सवैतनिक आकस्मिक अवकाश प्रदान करने के संबंध में नए दिशा-निर्देश सभी नगरीय निकायों को जारी किए हैं।

विभाग ने वर्ष 2016 में जारी निर्देशों को संशोधित कर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ये नए दिशा-निर्देश रायपुर, भिलाई और रिसाली को छोडक़र शेष सभी नगर निगमों तथा सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में लागू होंगे। जारी परिपत्र के अनुसार स्वच्छता दीदियों/सफाई मित्रों की कार्यावधि आठ घण्टे निर्धारित की गई है। निकाय सुविधानुसार प्रात: छह बजे से दोपहर तीन बजे (एक घण्टे का भोजन अवकाश मिलाकर) या प्रात: सात बजे से शाम चार बजे तक कार्यावधि निर्धारित कर सकते हैं। विशेष अवसरों के अतिरिक्त निर्धारित कार्यावधि से अधिक कार्य कराया जाना प्रतिबंधित होगा। प्रत्येक सदस्य को रोटेशन आधार पर एक साप्ताहिक अवकाश अनिवार्यत: प्राप्त हो सके। राज्य शासन ने मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत कार्यरत् सभी सदस्यों का पंजीयन श्रम विभाग के पोर्टल पर अनिवार्यत: कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा जीवन बीमा, मेडिकल क्लेम आदि का सम्पूर्ण लाभ सभी सदस्यों को दिलाने निकाय प्रमुख को प्राथमिकता से सुनिश्चित कराने को कहा है।

प्रत्येक तीन माह में सभी सदस्यों का ब्लड टेस्ट, थॉयरॉइड , बीपी व शुगर , यूरीन, यूरीन कल्चर, यूरिक एसिड, एल्यूमिन , एलडीएच, टोटल कोलेस्ट्रॉल , वीएचडीएल जैसे सभी टेस्ट कराने होंगे।


अन्य पोस्ट