रायपुर
हर माह बिल अदा करने के बाद भी जोड़ा जा रहा बकाया, हॉफ बिल का घाटा पूरा करने का पैंतरा तो नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 फरवरी। प्रदेश में बिजली विभाग की मनमानी वसूली से उपभोक्ता परेशान हैं। आए दिन लोगों से मनमाना बिल और नए शुल्क वसूला जा रहा है।
बिजली बिल हॉफ योजना की शुरूआत की गई थी।इससे लोगों को कुछ राहत मिल रही थी। साय सरकार भी इसे जारी रखे हुए है।मगर सरकार के 13 महीने बीतने के बाद पॉवर कंपनी का खेल शुरू हो गया।उपभोक्ताओं को हर महीने मिलने वाले बिल में मनमाना किराया और अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है। बिल का नियत तिथि में भुगतान करने के बावजूद विभाग हर महीने बकाया राशि का बिल जोड़ रही है। सुरक्षा निधि के नाम पर तो हर वर्ष तीन से पांच रूपए वसूले ही जाते हैं उसके अतिरिक्त बिना किसी नए मद का उल्लेख किए बकाया बिल के नाम से वसूली की जा रही है।
आम लोगों के बीच चर्चा यह भी है कि हाफ बिल का करोड़ों का घाटा पूरा करने बिजली कंपनी का तो पैंतरा तो नहीं। ऐसे में लोगो का घरेलू बजट फिर से गड़बड़ाने लगा है। विभाग के हेल्प लाईन नम्बर 1912 में भी इस पर कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।केवल यही कहा जाता है कि सिस्टम अपडेट किया जा रहा है ।