रायपुर

भाजपा का 97 और कांग्रेस का 89 सीटों पर जीत का दावा
21-Feb-2025 6:34 PM
भाजपा का 97 और कांग्रेस का 89 सीटों पर जीत का दावा

पंचायत चुनाव का दूसरा चरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 फरवरी। कल पंचायतों में हुए दूसरे चरण का मतदान हुआ, जिसके नतीजे शुक्रवार तक लगभग आ गए हैं। इसके मुताबिक भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही अपनी अपनी बड़ी जीत के दावे किए हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने दूसरे चरण की 123 जिला पंचायत सीटों में से 97 सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत का दावा किया है। भाजपा के पंचायत चुनावों के प्रदेश संयोजक सौरभ सिंह ने एकात्म परिसर में हुई प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि दो चरणों के चुनाव में ही भाजपा को 11 जिलों में स्पष्ट बहुमत मिल चुका है और कांग्रेस के नेता हार मानकर बैठ गए हैं। सिंह ने कहा हमारा स्ट्राइक रेट 80 प्रतिशत रहा है। 13-14 जिलों में बहुमत से मामूली अंतर से कुछ पीछे चल रहे हैं।

जिन 97 सीटों पर भाजपा जीती है, उनमें 85 डायरेक्ट भाजपा समर्थित तथा 12 भाजपा समर्थित निर्दलीय हैं। इसी तरह, जनपद पंचायतों में पार्टी समर्थित प्रत्याशी 75 फीसदी से ज्यादा तथा सरपंचों की तकरीबन 80 फीसदी सीटें जीतने में कामयाब रहे हैं। भाजपा ने जीते हुए प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी है। नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पंचायत चुनावों के परिणाम तुरंत प्राप्त करने के लिए एक सिस्टम बनाया गया है, जहां सीधे ही नतीजे पहुंच रहे हैं। इसीलिए पार्टी पहले ही नतीजों के आधार पर अपना दावा प्रस्तुत कर रहे हैं। पंचायत का चुनाव का तीसरा और अंतिम चरण का मतदान तीन दिन बाद, यानी 23 फरवरी को होना है और उसी दिन नतीजे आने लगेंगे। भाजपा का दावा है कि नगरीय निकाय चुनावों की तरह पंचायत चुनावों में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी पंचायतों के हर स्तर पर 75 से 80 फीसदी सीटें जीतने की ओर बढ़ रहे हैं।

 पत्रकारों से चर्चा करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि पहले चरण के समान ही दूसरे चरण के त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से बढ़त मिली है। कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत, जनपद पंचायत और सरपंच के प्रत्याशी अधिक चुनाव जीतकर आये है। दूसरे चरण में जिला पंचायतों में 138 क्षेत्रों में से कांग्रेस समर्थित 89 सदस्य चुनाव जीत कर आये है। 899 जनपद सदस्यों में कांग्रेस समर्थित 548 चुनाव जीत कर आये है। इसी प्रकार दूसरे चरण में 3774 स्थानों पर सरपंचों के चुनाव हुये है जिसमें कांग्रेस समर्थित 2780 सरपंच चुनाव जीत कर आये है। दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस को भाजपा से बड़ी बढ़त मिली है।

पंचायत चुनाव में भी होगी दुर्गति- साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस की बुरी हार होने जा रही है। अभी अधिकांश जनपद और जिला क्षेत्रों में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस की नगरीय निकाय में दुर्गति हुई है। इससे कांग्रेस को सबक लेनी चाहिए। वहीं गांवों में भी दुर्गति होनी जा रही है। कांग्रेस नेता कोई कारण और बहाने बताकर अगर दावे करते हैं, तो ये झूठे और खोखले है। कोई इन पर भरोसा करने वाला नहीं है।


अन्य पोस्ट