रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 फरवरी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रश्न पर केंद्रीय सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने 3324 करोड़ रुपये की वार्षिक योजना को अंतिम रूप दिया है। श्री गडकरी ने बताया कि, राद्य ने केंद्र सरकार को 1354 करोड़ रुपये की लागत से 141 किलोमीटर लंबाई के राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास हेतु 16 प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। इनमें से 365.293 करोड़ रुपये की लागत वाले 30.3 किलोमीटर की कुल लंबाई के 5 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है, जबकि शेष प्रस्तावों की जांच जारी है।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों का घनत्व 26.78 किमी प्रति 1000 वर्ग किमी है, जबकि पूरे देश में यह औसतन 44.47 किमी प्रति 1000 वर्ग किमी है। राज्य में कुल 3607 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग हैं, जिनमें 1129 किमी चार लेन, 93 किमी चार से अधिक, 1282 किमी पेव्ड शोल्डर सहित 2 लेन, 853.84 किमी दो लेन और 249 किमी 2 लेन से कम की श्रेणी में आते हैं।
राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाता है और इन्हें यातायात आवश्यकताओं के आधार पर पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।