रायपुर
रायपुर, 14 फरवरी। बीते एक माह से कलेक्टोरेट का यह मुख्य द्वार पर ट्रैफिक पुलिस का कब्जा है। जहां हर रोज आम नागरिक वकील व कर्मचारियों को हेलमेट के नाम पर प्रताडि़त किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में जनता अपने कार्य के लिए पहुंचने के बाद परेशान और भटक रही है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने बताया है कि कलेक्टर कार्यालय में रजिस्ट्री कार्यालय, न्यायालय, निर्वाचन सहित अनेक दंडाधिकारी कार्यालय है। किंतु वहां आम जनता का प्रवेश इसलिए वर्जित है कि हेलमेट का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। इसलिए ?500 का चालान काटा जा रहा है।बाकायदा मुख्य द्वार पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर चालान काटते हुए देख जा सकते हैं ।महिलाओं को भी कार्यालय प्रवेश से मुख्य द्वार पर ही रोका जा रहा है। तो कर्मचारियों को समय पर आने के नाम पर 9:45 बजे कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है। प्रति शुक्रवार को जन अदालत जैसे कर्मचारियों की अदालत लगाकर उन्हें प्रताडि़त एवं परेशान कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जा रहा है। कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारी इतने परेशान और प्रताडि़त है कि वह खुलकर बोलने की स्थिति में नहीं है। लेकिन कुछ नाराज कर्मचारियों ने मतदान न कर अपने मानसिक विरोध को प्रकट किया है। श्री झा ने मुख्यमंत्री साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा एवं सुनील सोनी से मांग की है कि जनहित में ट्रैफिक पुलिस की प्रशासनिक दादागिरी से मुक्त कराए। ताकि सामान्य जनता, महिला, वकील एवं कर्मचारी कलेक्टर कार्यालय में निर्विघ्न रूप से प्रवेश कर सके।