रायपुर

सीबीएसई 10-12वीं की परीक्षाएं कल से
14-Feb-2025 4:55 PM
सीबीएसई 10-12वीं की परीक्षाएं कल से

माशिमं का हेल्पलाइन कल से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 फरवरी।
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई ) की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं कल  15 फरवरी  से शुरू हो रही हैं। इस साल बोर्ड परीक्षा में देशभर से 44 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर छात्रों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।  परीक्षा का समय और शेड्यूल सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से 18 मार्च  तक होगी। वही सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से 4 अप्रैल तक होगी। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक, कुछ विषयों की परीक्षा 12:30 बजे तक होगी। छात्रों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले प्रश्न पत्र पढऩे का समय दिया जाएगा। सुबह 10 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। 

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2024: गाइडलाइंस और जरूरी निर्देश ड्रेस कोड : रेगुलर छात्र अपने स्कूल की निर्धारित यूनिफॉर्म में परीक्षा देने आएंगे। वही प्राइवेट छात्र – हल्के या उजले रंग के कपड़े पहनकर परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा में क्या लाना अनिवार्य है? : बिना एडमिट कार्ड के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। रेगुलर छात्रों को अपने स्कूल का आईकार्ड और प्राइवेट छात्रों को कोई भी सरकारी फोटो पहचान पत्र साथ लाना होगा। 

परीक्षा केंद्र में ले जाने योग्य चीजें : पारदर्शी पाउच में पेंसिल, नीला/रॉयल नीला स्याही, स्केल, इरेजऱ, राइटिंग पैड आदि। केवल साधारण घड़ी की अनुमति है। पारदर्शी पानी की बोतल। मेट्रो कार्ड/बस पास और आवश्यक पैसे। परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित चीजें : कोई भी लिखित या मुद्रित सामग्री (पुस्तक, नोट्स, पेपर)।इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस – मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ, इयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, इलेक्ट्रॉनिक पेन।कैलकुलेटर (केवल विशेष आवश्यकता वाले छात्रों को अनुमति)।वॉलेट, हैंडबैग, पाउच, गॉगल्स आदि। 

1 मार्च से शुरू हो रही 10-12 वीं बोर्ड परीक्षा से पहले बच्चों के लिए माशिमं कल से  हेल्पलाईन - 2025 प्रारंभ कर रहा है। विद्यार्थी, शिक्षक व अभिभावक 27फरवरी तक   प्रात: 10:30 से सायं 05:00 बजे तक हेल्पलाईन में मण्डल के टोल फ्री नम्बर 18002334363 पर अपनी समस्याओं का समाधान कर सकते है।  इसमें विषय विषेषज्ञ अलग-अलग विषयों से संबंधित कठिनाई को दूर करेंगे। रविवार के दिनों में भी कार्यालयीन समय में उपस्थित रहेंगे।  दूसरे चरण में यह  हेल्पलाईन  28 फकवरी से 27 मार्च  तक संचालित की जाएगा। हेल्पलाईन का संचालन उपसचिव  जेके अग्रवाल के मार्गदर्षन में डॉ. प्रदीप कुमार साहू हेल्पलाईन समन्वयक के समन्वय से सहायक प्राध्यापक श्रीमती प्रीति शुक्ला, श्रीमती मनीषी सिंह, श्रीमती शिवा सोमवंशी, श्रीमती अलका जैन के सहयोग से संचालित होगी।

5वीं-8वीं...इधर लोक शिक्षण संचालनालय ने 5वीं-8वीं की बोर्ड परीक्षा के समय में एक घंटे का बदलाव किया है। अब यह परीक्षाएं सुबह 9 बजे से शुरू होंगी। डीपीआई के आदेशानुसार वार्षिक परीक्षा में अनुपस्थित छात्रों को पूरक परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। 
 


अन्य पोस्ट