रायपुर

राजधानी में थोड़ी सुस्ती, चार घंटे में 18% मतदान
11-Feb-2025 2:19 PM
राजधानी में थोड़ी सुस्ती, चार घंटे में 18% मतदान

10 से 12 बजे के बीच महज 3 फीसदी वोटिंग 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 फरवरी। 
राजधानी के  निगम के 70  वार्डों में मतदान को लेकर सुस्ती नजर आई। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा हर दो घंटे में जारी किए जा रहे आंकड़ा के मुताबिक दोपहर  12 बजे तक मतदान महज  18.40 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वहीं पहले दो घंटे यानी 10 बजे तक 15 फीसदी ही रहा। सभी प्रमुख जनों ने सुबह सुबह ही मतदान कर दिया।भाजपा की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने चंगोराभाठा स्कूल, कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने ब्राह्मण पारा वार्ड के आनंद समाज वाचनालय बूथ में अपने बेटे और पति प्रमोद दुबे के साथ  मतदान किया।

आप पार्टी की प्रत्याशी डॉ शुभांगी तिवारी ने भी सपरिवार कोटा मतदान केंद्र में वोट डाला। इसी तरह से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दुर्गा कॉलेज, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने  बूथ क्रमांक 94 खमारडीह, ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू अश्वनी नगर सामुदायिक भवन,पश्चिम विधायक राजेश मूणत मायाराम सुरजन स्कूल ,दक्षिण विधायक सुनील सोनी महाराणा प्रताप स्कूल,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल  विवेकानंद स्कूल विवेकानन्द नगर  बूथ में मतदान किया ।

पहले घंटे खराब मशीनों से जूझते रहे मतदान दल
वहीं पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में ईवीएम खऱाब होने की वजह से मतदान 30-45 मिनट की देरी से शुरू होने की खबर है। राजधानी के  दलदल सिवनी स्कूल के बूथ 4, वार्ड 45, और विद्या चरण शुक्ल वार्ड के पोलिंग बूथ में वोटिंग मशीन हैंग हो गई है। अमलीडीह स्थित शासकीय स्कूल में भी ईवीएम हैंग हो गई है। इसके चलते आधे घंटे से लोग मतदान करने का इंतजार कर रहे।  मतदाता कतार में खड़ी होकर नाराजगी व्यक्त कर रहे। अमीनपारा स्कूल के बूथ 5 में भी यही समस्या रही तो वोटर्स बिना वोट डाले लौटते रहे । इसी तरह से डूमरतालाब वार्ड के बूथ क्रमांक-11 में भी मशीन दोपहर 1 बजे बंद हो गई। एक घंटे बाद भी सुधारा नहीं जा सका। 

कोई और वोट डाल गया युवती
राजधानी में फर्जी वोटिंग का मामला भी सामने आया है ।पुरानी बस्ती वार्ड 42 के खोखोपारा स्कूल को बूथ 2 में वोट डालने पहुंची युवती का वोट कोई और डाल गया। युवती ने अपनी मतदाता पर्ची, पहचान पत्र और साफ उंगली दिखाया और मतदान कर्मियों पर नाराजगी जताती रही। इस कर्मियों ने उसे बिठा कर रखा गया । राजधानी नगर निगम में  10 बजे तक 10.31 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने जिले के मतदाताओं से बढ़-चढक़र मतदान करने की अपील की। सुबह सुबह के कामकाज के चलते भीड़ कुछ कम नजर आ रही है। वहीं कई केंद्रों में ईवीएम खराब होने की वजह से भी वोटिंग शुरू होने में आधे से एक घंटे की देरी हुई। तो कुछ जगह 10 बजे के बाद मशीने खराब हुई। 

पालिका परिषद गोबरा-नवापारा तथा अभनपुर के मतदान केंद्रों में कतार में लगकर अपनी पारी का इंतेज़ार करते मतदाता। तिल्दा - नेवरा में मतदाताओं की उमड़ी भीड़, आदर्श मतदान केंद्र में मतदाता सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी ले रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट