रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 फरवरी। पंडरी फ्लाई ओवर के पास स्थित कल्याण ज्वेलर्स के शो रूम में कल आधी रात तक बड़ी संख्या में ग्राहक और स्टाफ के लोग फंसे रहे।इनकी संख्या दो दर्जन बताई गई है। कुछ ग्राहकों के गोद में तो छोटे छोटे बच्चे भी रहे। यह घटना रात 9 बजे के आसपास की थी। एकाएक मेन गेट का तीस फीट लंबाई या भारी भरकम शटर नीचे आ गिरा।जोर की आवाज सुनते ही भीतर खरीदारी ये लिए पहुंचे पुरुष सकते में आ गए, महिला-बच्चे, रोते बिलखने लगे। भीतर स्टाफ को भी समझ नहीं आया। सभी किसी लूट डकैती जैसी आशंका से घिरे रहे ।और अपने अपने तरीके से सम्हलने का प्रयास करते रहे और भीतर फंसे ग्राहकों को सम्हालने समझाइश देते रहे। भीतर और बाहर खड़े स्टाफ ने शटर खोलने का प्रयास किया लेकिन दो घंटे बाद भी सफल नहीं हुए। इस दुर्घटनाजन्य संकट की स्थिति में शो रूम प्रबंधन ने न तो पुलिस को न एसडीआरएफ को सूचना देने की जरूरत समझी। इससे भीतर फंसे लोग भी परेशान होकर नाराजगी जताते रहे।
कई घंटों बाद जब शटर नहीं खुला तो ग्राहकों ने अपने परिजनों और मीडिया कर्मियों को कॉल कर सूचना दी। और फिर पुलिस भी पहुंची। मीडिया के पहुंचने के बाद ही ज्वेलर्स प्रबंधन ने गैस कटर करने वालों को बुलाकर शटर कटवाने का उपक्रम किया। और फिर एक एक कर करीब दो दर्जन ग्राहक, छोटे छोटे बच्चे बाहर निकले। बच्चे भूख प्यास से रोते बिलखते रहे। और पुरुषों के चेहरे तनाव भरे थे । इतनी देर तक भीतर रहने के बाद भी शो रूम प्रबंधन ने बच्चों के लिए दूध पानी या नाश्ते जैसी चीज का इंतजाम नहीं किया।
इस बात की खबर मिलने पर कवर करने मीडिया प्रतिनिधि पहुंचे। तब तक लोग फंसे हुए थे । घटना के संबंध में पूछताछ करने पर ज्वेलर्स के सुरक्षा और अन्य कर्मचारियों ने जमकर दुर्व्यवहार किया। ये लोग पूरी तरह से गुंडागर्दी करने पर उतारू रहे। हाथापाई भी की। मोबाइल और न्यूज शूट करने वाले कैमरे छीने।
इस घटना ने सराफा दुकानों की सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़े कर दिए हैं। गुमाश्ता एक्ट के तहत रात 8 बजे के बाद ,देर रात तक शोरूम (वह भी जेवर का) खुले रखना पुलिस के लिए चुनौती माना जा रहा है। ऐसी आपात स्थिति से निपटने शो रूम में इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था न होने सेे भी ग्राहक आधी रात तक फंसे रहे। इतना ही नहीं घटना के दो घंटे बाद भी सिविल लाइंस थाने को सूचना न देकर शो रूम प्रबंधन ने पुलिस को ठेंगा दिखाया।
वे यह पूछने पर कि रात 11बजे तक बजे बंद शटर का वीडियो वायरल होने का कारण नहीं बता सके। शो रूम के भीतर ग्राहकों के होने पर शटर बंद करने के कारणों का भी उनके पास जवाब नहीं था।
कर्मचारियों का कहना
शनिवार सुबह भी 10.45 बजे तक शो रूम खुल नहीं पाया था। शटर गिरा रहा। सुबह मौजूद स्टाफ ने बताया कि कुछ देर के लिए रोलिंग शटर में समस्या आई थी। भीतर केवल दो ग्राहक थे और हमारे कुछ कर्मचारी। बाद में गैस कटर के इस्तेमाल से शटर खोल दिया गया ।रात ही ग्राहक अपने घर जा चुके थे।
यहां बता दें कि कुछ माह पहले भी कल्याण ज्वेलर्स के शो रूम में एक विस्फोट को लेकर वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक ग्राहक बुरी तरह से घायल एक ग्राहक को अस्पताल ले जाते स्टाफ नजर आ रहे थे । इस वीडियो को रायपुर का बताया गया था । संपर्क करने पर शो स्टाफ ने चेन्नई की घटना बताई थी।?इन घटनाओं से समझा जा सकता है कि कल्याण ज्वेलर्स के शो रूम खरीदारी के लिए कितने सुरक्षित हैं.!
कल्याण ज्वेलर्स के दो कर्मचारी गिरफ्तार, मकान मालिक भी लपेटे में आएंगे
कल रात हुए हादसे की सूचना पुलिस को न देने और कवर करने गए मीडिया कर्मियों से दुर्व्यवहार करने वाले दो कर्मियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इनका वेरिफिकेशन भी कर रही है । इनमें से एक पवन तिवारी ह्य/श बोधनाथ उम्र 46 वर्ष निवासी ग्राम पुरेझाम तिवारीपुर बहुता पो लही जिला बाराबंकी यू पी है। दूसरा अखिल ए पिता अजय कुमार उम्र 27 वर्ष निवासी मादविलकती विदु आलपपुरम तिरुमला जिला तिरुवनंतपुरम थाना पूंजपुर केरल को सिविल लाइंस थाने में रखा गया है। पुलिस दोनों के व्यक्तिगत वेरिफिकेशन भी कर रही है इन दोनों ने मीडिया कर्मियों से हाथापाई कर घटना शूट कर रहे उनके कैमरे और मोबाइल छीनकर फेंक दिए थे। पुलिस इन्हें किराए में मकान देने वाले मकान मालिकों पर भी कार्रवाई कर सकती है क्योंकि इन्होंने इनके किराए दार होने की जानकारी संबंधित इलाके के थाने में नहीं दी और छिपाई।