रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 फरवरी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कचहरी चौक स्थित बाल आश्रम के नवनिर्मित भवन का लोकापर्ण किया।
विशेष अतिथि के सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि यह संस्था निरंतर आगे बढ़ते हुए ऐसे बच्चों का पालन पोषण कर रही है जो माता-पिता विहिन है। संस्था में ऐसे बच्चों को आश्रय देकर उनका सर्वांगीण विकास किया जाता है। राजेश्री महंत डॉ. रामसुंदर दास ने कहा कि यह संस्था 100 वर्ष पूर्व स्व. महंत लक्ष्मी नारायण दास ने एक छोटे से पौधे के रुप में बीजारोपण किया था वह आज एक विशालकाय वृक्ष के रुप में परिवर्तित हो चुकी है जिसकी छाया में सैकड़ों बच्चे अपना भविष्य सफल बना चुके हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ रमन सिंह ने कहा कि ऐसी एक - दो संस्था ही हैं जिसने अपनी स्थापना के 100 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हो। छेर-छेरा का अनुगमन करते हुए दान इत्यादि एकत्र कर संस्था का संचालन किया जाता था। इस संस्था में राष्ट्रपिता महात्मा गॉधी एवं प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद के चरण पड़े हैं। यह संस्था मंदिर के समान पवित्र है और मैं तो यह कहूॅगा कि यह मात्र एक संस्था नहीं है बल्कि एक आंदोलन है। संस्था के सदस्य नरेशचंद्र गुप्ता ने डॉ सिंह को बताया कि निकट भविष्य में बाल आश्रम समिति के एक ऐसी संस्था प्रारम्भ करने की योजना है जिसमें बालक एवं वृद्धजनों को संयुक्त रुप से आश्रय एवं संरक्षण प्रदान किया जा सके एवं सहयोग मांगा। मुख्य अतिथि ने कहा कि मुख्यमंत्री से सहयोग प्रदान करने चर्चा करेंगे। बाल आश्रम, राष्ट्रीय विद्यालय एवं डागा कन्या महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह एवं शाल भेंट सेे सम्मान किया गया। अंत में समिति के सचिव राजकिशोर नत्थानी ने सभी का आभार व्यक्त किया।