रायपुर

महानदी, इंद्रावती के अधिकारी कर्मचारी निकाय चुनाव में वोट नहीं दे पाएंगे
05-Feb-2025 6:33 PM
महानदी, इंद्रावती के अधिकारी कर्मचारी निकाय चुनाव में वोट नहीं दे पाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 फरवरी। छत्तीसगढ़ मंत्रालय कर्मचारी संघ ने सचिव सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र सौंपकर 11 जनवरी को मंत्रालय सहित नवा रायपुर  स्थित कार्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग की है। संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत ने अपने पत्र में कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश भर के निकाय क्षेत्रों में 11 फरवरी को अवकाश घोषित किया जा चुका है। ऐसे में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय सहित,अन्य कार्यालयों में कार्यरत अधिकांश कर्मचारी/अधिकारी रायपुर, आरंग,अभनपुर माना  निकायों के मतदाता हैं। किन्तु मंत्रालय/नवा रायपुर स्थित कार्यालय नगरीय निकाय क्षेत्र से बाहर हैं, जिससे  11 फरवरी को अवकाश नहीं होने के कारण ये  कर्मचारी/अधिकारी मतदान के अधिकार से वंचित हो जाएंगे। इन्हें वोट का अधिकार देने 11 फरवरी,  को मंत्रालय सहित नवा रायपुर स्थित कार्यालयों में भी अवकाश घोषित किया जाए।

इन कर्मचारियों की ड्यूटी न लगाएं...

अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने राज्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र सौंपकर चुनाव ड्यूटी को लेकर सुझाव दिया है । वर्मा ने कहा कि  पंचायत चुनाव में मतदान के पश्चात मतगणना भी मतदान केन्द्र में देर रात तक करना होता है, ऐसी स्थिति में कर्मचारियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए फेडरेशन मतदान दलों की नियुक्ति ब्लॉक स्तर पर ही की जाए।

इसी तरह से  विकलांग, दिव्यांग, गर्भवती महिला अथवा गंभीर बीमारी जैसे हार्ट सर्जरी, किडनी ट्रांसप्लांट इत्यादि से पीडि़तों की ड्यूटी न लगाई जाए। महिला कर्मचारियों को सुरक्षा दृष्टिकोण से चुनाव कार्य से पृथक रखा जावे।


अन्य पोस्ट