रायपुर
प्रवेश परीक्षा के नतीजे अब तक घोषित नहीं किया रविवि ने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 फरवरी। रविशंकर विश्वविद्यालय करीब महीने भर बाद भी पीएचडी के लिए हुई प्रवेश परीक्षा के नतीजे घोषित नहीं किया है। वहीं दूसरी ओर गाइड बनने के लिए कॉलेज व विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों पर मंत्रियों के नाम पर दबाव बनाया जा रहा है। ये दबाव ऐसे अभ्यर्थियों के लिए बनाया जा रहा जो सेवारत शिक्षक या अन्य कार्मिक हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रविवि ने जनवरी मध्य के पहले ही पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित की थी। इसके बाद यूजीसी की गाइड लाइन 2020 के तहत लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के इंटरव्यू भी कर लिए गए । दोनों प्रक्रिया पूरी करने के 20 दिन बाद भी रविवि ने चयनितों की सूची जारी नहीं किया है। इस वर्ष 30 विषयों के लिए हुई इस प्रक्रिया में करीब 150 से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे । रिज़ल्ट में देरी को लेकर ऐसे अभ्यर्थी परेशान हैं जो एक प्रोफेशनल लक्ष्य के साथ अध्ययन पूरा करना चाहते हैं। वहीं रविवि से जुड़े सूत्र बता रहे हैं कि रिजल्ट तैयार हो गया है,लेकिन जारी करने में देरी उनकी भी समझ से दूर है।
इधर रिजल्ट आने से पहले ही गाइड बनने के लिए प्रोफेसरों पर दबाव बढ़ता जा रहा है । यह दबाव सरकार के मंत्रियें की ओर से उनके पीए,निज सचिव डाल रहे हैं। वे अभ्यर्थियों के नाम बताकर प्रोफेसरों को गाइड बनने कह रहे हैं। वे यह दबाव, पीएचडी के करने के इच्छुक सेवारत अभ्यर्थियों के लिए बना रहे हैं। जबकि यूजीसी ने पीएचडी के लिए सेवा से अध्ययन अवकाश या सेवा से इस्तीफे के कड़े नियम जारी किए हैं। राजधानी के कुछ प्रोफेसरों ने एक डिप्टी मंत्री के स्टाफ का नाम लिए बगैर यह जानकारी दी है। यह अभ्यर्थी शासकीय सेवारत है।
प्रक्रिया अनुसार प्रोफेसर, अपने पास सीट रिक्त होने पर ही नए अभ्यर्थी के लिए गाइड बन सकते हैं। इस दबाव की वजह से गाइड को मजबूरी में, फुल टाइम केवल शोध के लिए समर्पित सही अभ्यर्थी को वंचित करना पड़ता है। ये सेवारत अभ्यर्थी ,शोध के बजाए विभागीय कामों को तरजीह देते हैं । और फिर कापी पेस्ट थीसिस के जरिये पीएचडी हासिल के लिए भी दबाव बनाते हैं। कुलाधिपति ने हाल में कुलपतियों की एक बैठक में अपने अपने विश्वविद्यालयों से दी पीएचडी उपाधियों की जानकारी मांगी थी।