रायपुर
रायपुर, 4 फरवरी। छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड 149.25 लाख टन धान की खरीदी हुई है। इसमें मोटा धान 81.98 लाख टन, पतला धान 10.75 लाख टन और सरना धान 56.52 लाख टन शामिल है। धान की यह खरीदी राज्य बनने के बाद का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। राज्य के पंजीकृत 25 लाख 49 हजार 592 किसानों ने धान विक्रय किया। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 31 हजार 89 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। महासमुंद जिला सर्वाधिक 11.04 लाख टन धान खरीद कर राज्य में पहले नंबर पर है। वहीं बेमेतरा जिला 9.38 लाख टन धान खरीद कर दूसरा और बलौदाबाजार-भाटापारा जिला 8.56 लाख टन धान खरीदकर तीसरा स्थान हासिल की है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि धान खरीदी के साथ ही कस्टम मीलिंग के लिए 123 लाख टन से अधिक धान के उठाव के लिए डीओ और टीओ जारी कर दिया गया है।
इसके विरूद्ध 103 लाख टन से अधिक धान का उठाव हो चुका है। धान उठाव पंजीकृत 4102 राइस मिलरों के जरिए धान का उठाव निरंतर किया जा रहा है। विगत वर्ष 144.92 लाख टन धान की खरीदी हुई थी।