रायपुर

ईडी जोनल आफिस नेताजी सुभाष स्टेडियम में जल्द, इंट्रोगेशन रूम भी होगा
04-Feb-2025 2:48 PM
ईडी जोनल आफिस नेताजी सुभाष स्टेडियम में जल्द, इंट्रोगेशन रूम भी होगा

शिफ्टिंग की तैयारी जोरों पर 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 फरवरी।
प्रवर्तन निदेशालय छत्तीसगढ़ सब जोनल आफिस जल्द ही अपने नए पते पर संचालित होने लगेगा। यह आफिस  टिकरापारा के पुजारी पार्क के किराए के भवन से स्थानांतरित होकर रायपुर कोर्ट के करीब नेताजी सुभाष स्टेडियम के द्वितीय तल के विशाल परिसर में अगली  स्थाई व्यवस्था तक  स्थापित होने जा रहा । जहां इन दिनों फर्नीनिशिंग और अन्य कार्य हो रहे हैं। यह आफिस काफी विशाल होगा। जहां रिमांड पर लिए जाने वाले आरोपियों से पूछताछ के लिए इंट्रोगेशन रूम की भी व्यवस्था होगी। साथ ही जेडी, डीडी समेत अन्य अफसरों के चेंबर, रिकार्ड रूम,आधुनिक मशीनों के साथ डिजिटल एविडेंस लैब भी बनाए जा रहे हैं। यह आफिस जनवरी में ही शुरू हो जाना था लेकिन निर्माण में देरी की वजह से देर हो रही है। लेकिन अगले 10 दिनों में शुरु हो जाने की जानकारी दी गई है। 

बता दें कि ईडी ने बीते 25 जनवरी को ही  अपने मुख्यालय और देशभर के जोनल, सब जोनल आफिस के नए सेटअप मंजूर कर नई नियुक्तियां की थी। इसके तहत रायपुर के सब जोनल आफिस को पूर्ण कालिक जोनल आफिस प्रोन्नत कर संयुक्त निदेशक पदस्थ किया है। 

ईडी सूत्रों के अनुसार 2013 बैच के आईआरएस अफसर प्रभाकर प्रभात ईडी छत्तीसगढ़ जोन रायपुर के पहले संयुक्त निदेशक होंगे। 

सब जोनल आफिस अब तक मुंबई जोनल आफिस के अधीन कार्य कर रहा था। नए जेडी श्री प्रभात के कार्यभार लेते ही यह स्वतंत्र रूप से पूर्णतया जोनल आफिस होकर सीधे ईडी मुख्यालय दिल्ली के अधीन कार्य करेगा।रायपुर में ईडी दफ्तर करीब आठ वर्ष पहले स्थापित किया गया था।  बीते वर्षों में छत्तीसगढ़ में मनी लांड्रिंग और शासकीय धन के दुरूपयोग के बढ़ते मामलों ने सब जोनल आफिस में कामकाज बढ़ा दिया। इसे देखते हुए ही केंद्रीय वित्त विभाग ने इसे जोनल मुख्यालय प्रोन्नत कर दिया है। रायपुर कार्यालय में इस समय दो उप निदेशक (डीडी), सहायक निदेशक, प्रवर्तन अधिकारी, सहायक प्रवर्तन अधिकारियों (जो इंस्पेक्टर स्तर के होते हैं) के लिपिकीय स्टाफ कार्यरत है। अब जोनल आफिस होने स्टाफ  में भी बढ़ोतरी होगी। ईडी ने अपना भवन बनाने राज्य सरकार से जमीन भी मांगी है।


अन्य पोस्ट