रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 फरवरी। पिछले वर्ष भारी विरोध के बाद बैक फुट पर आई सरकार, एक बार फिर स्कूलों के युक्तियुक्तकरण और शिक्षकों के तबादले की तैयारी कर रही है। ये तबादले आगामी बोर्ड परीक्षा के बाद नए सत्र से पहले किए जाएंगे।
सीएम विष्णु साय ने दो दिन पहले स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, संचालक और अन्य अफसरों के साथ बैठक में तैयारी से निर्देश दिए ।
युक्तियुक्तकरण में परिसर में संचालित ऐतिहासिक पुराने स्कूल को रखते हुये नये स्कूल को मर्ज करने के निर्देश दिये गये।
इस चर्चा में शिक्षकों की कमी और उनके ट्रांसफर के आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई। तय किया गया कि छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लिए नई ट्रांसफर नीति बनाई जाए। इसमें किसी की सिफारिश पर तबादले के बजाए शिक्षकों से आवेदन लेकर करने की व्यवस्था हो।
अधिकारियों से कहा गया कि डीपीआई के एचआरएमआईएस पोर्टल में स्थानांतरण के आवेदन का प्रावधान किया जाए। शिक्षक पोर्टल में ही अपना आवेदन डालेंगे और हर तीन महीने में स्कूल शिक्षा की एक समिति इस पर विचार करेगी।
सीएम ने सभी शासकीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष प्रयास किये जाए तथा जिला एवं विकासखण्ड स्तर हेतु कार्ययोजना बनाई जाए। यदि शासकीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से कम आता है, तो संबंधित डीईओ /बीईओ /संस्था प्रमुखों/शिक्षकों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुये उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाए।