रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 फरवरी। भाजपा ने रायपुर नगर निगम के भगवती चरण वार्ड पर विशेष रूप से फोकस किया है। यहां से निवर्तमान मेयर ऐजाज ढेबर चुनाव मैदान में हैं। खबर है कि ढेबर को घेरने की रणनीति बनाई गई है, और विधायक सुनील सोनी को मानिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता को चुनाव प्रभारी बनाया गया है।
प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने रविवार रायपुर नगर निगम के चुनाव पर अलग से बैठक की। बैठक में रायपुर के चारों विधायक मौजूद थे। बैठक में मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे के प्रचार-प्रसार पर बात की। साथ ही वार्ड प्रत्याशियों की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में कांग्रेस प्रत्याशी निवर्तमान मेयर ऐजाज ढेबर के खिलाफ प्रचार की रणनीति पर चर्चा की गई। ढेबर के खिलाफ भाजपा ने अमर गिदवानी को उतारा है। ढेबर पिछले चुनाव में प्रदेश में सर्वाधिक वोटों से चुनाव जीते थे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त करा दी थी। हालांकि वो इस बार अपना वार्ड बदलकर चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी के विधायकों ने नबीन को बताया कि ढेबर के खिलाफ अनुकूल माहौल है।
नबीन ने स्थानीय विधायक सुनील सोनी को पं भगवतीचरण शुक्ल वार्ड में विशेष रूप से ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा है। साथ ही प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता को गिदवानी का चुनाव प्रभारी बनाया है।
गुप्ता रोजमर्रा की स्थिति से प्रदेश संगठन को अवगत कराएंगे। नबीन ने भाजपा प्रत्याशी को साधन संसाधन में कमी न आए, यह सुनिश्चित करने के लिए पार्टी संगठन के नेताओं को निर्देशित किया है। बैठक में रायपुर नगर निगम के चुनाव प्रभारी सरकार के मंत्री रामविचार नेताम भी थे।