रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 फरवरी। केंद्रीय वन,पर्यावरण और जल वायु परिवर्तन मंत्रालय ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण -2024 के परिणाम आज घोषित कर दिए है। इस सर्वेक्षण में रायपुर ने टॉप -10 शहरों में अपनी जगह बनाते हुए 10 लाख से अधिक आबादी वाले 41 शहरों की स्पर्धा में आठवां स्थान अर्जित किया है। केंद्र सरकार द्वारा धूल मुक्त वातावरण , कचरे को जलाने की प्रवृति पर अंकुश , निर्माण व विध्वंस अवशेष के निपटान ,वायु गुणवत्ता स्तर और जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन जैसे कई मापदंडों के आधार पर यह सर्वेक्षण किया गया।
निगम कमिश्नर अबिनाश मिश्रा के अनुसार स्वच्छ वायु गुणवत्ता सुनिश्चित करने कलेक्टर एवं निगम प्रशासक डॉ गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर अंतर विभागीय समन्वय के आधार पर बीरगांव और रायपुर नगर निगम , पर्यावरण सरक्षण मंडल , सी एस आई डी सी , परिवहन , यातायात और पुलिस विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। धूल कम करने निरंतर जल छिडक़ाव , बीटी व सीसी सडक़ निर्माण , एंड टू एंड पेविंग, सी एंड डी प्रोसेसिंग प्लांट से निर्माण व विध्वंस अवशेष को पुन: उपयोगी बनाने के साथ ही अधिकाधिक वृक्षारोपण सही कई नवाचारों पर इस बार फोकस किया जा रहा है।
इसके अलावा यांत्रिक विधि से रात्रिकालीन सडक़ सफाई का दायरा 152 किमी तक बढ़ाया गया है। प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जाँच शुरू की गई है। जागरूकता कार्यकर्मों हेतु रणनीति आधारित आई ई सी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं । उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों का लाभ इस सर्वेक्षण में रायपुर को मिला है।
इस रैंकिंग में टॉप-10 शहरों में सूरत, जबलपुर, आगरा, लखनऊ , कानपुर , वडोदरा ,इंदौर ,भोपाल ,विजयवाड़ा ,अहमदाबाद और दिल्ली के नाम शामिल हैं।