रायपुर

10वीं-12वीं का मूल्यांकन 23 मार्च से, नतीजे 10 मई तक
31-Jan-2025 2:21 PM
10वीं-12वीं का मूल्यांकन 23 मार्च से, नतीजे 10 मई तक

तैयारी बैठक में माशिमं अध्यक्ष पिल्लै ने मूल्यांकन में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जनवरी।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल अध्यक्ष रेणु पिल्ले, सचिव पुष्पा साहू ने 10-12वीं की आगामी वार्षिक परीक्षा के संचालन एवं मूल्यांकन कार्य  को लेकर बैठक की। 

बैठक में हुई चर्चा के अनुसार  इस वर्ष भी दोनों परीक्षाओं के नतीजे 10 मई तक घोषित करने का लक्ष्य बनाया है। इसके लिए उत्तर पुस्तिकाओं के  मूल्यांकन का पहला चरण 22-23 मार्च और दूसरा चरण 30 मार्च से शुरू किया जाएगा। मूल्यांकन के लिए पूरे प्रदेश में 33 केंद्र बनाए जाएंगे। वहीं परीक्षा के लिए 2513 केंद्र होंगे। पिछली परीक्षा के नकल प्रकरण वाले एक दर्जन केंद्र बंद कर दिए गए हैं। वहीं 40 नए केंद्र भी बनाए गए हैं। 

मण्डल के सभाकक्ष में हुई बैठक में प्रत्येक जिले से 02-02 मास्टर ट्रेनर्स केन्द्राध्यक्ष एवं मूल्यांकनकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। इसमें गोपनीय सामग्री का परिवहन एवं सुरक्षा, नियुक्त पर्यवेक्षक कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना तथा परीक्षा दिवस की कार्यवाही, प्रश्न पत्र वितरण पूर्व जांच, परीक्षा के समय उपयोग के लिए मान्य उपकरण, परीक्षा कक्ष मे पर्यवेक्षक, केन्द्राध्यक्ष का दायित्व एवं परीक्षा समाप्ति पश्चात् कार्यवाही की भी जानकारी दी गई। साथ ही वर्ष 2024 की परीक्षा में उत्तरपुस्तिका के बंडल तैयार करने में पाई गई कुछ गंभीर त्रुटियां, उत्तरपुस्तिका बंडल पैंकिग पूर्व कार्यवाही, बंडल के अंदर रखे जाने वाले प्रपत्र, बंडल सील करने संबंधी जानकारी विस्तार पूर्वक दी गई।

मूल्यांकन कार्य में गंभीरता की आवश्यकता की जानकारी देते हुए बताया गया कि परीक्षार्थी का आशानुरूप परीक्षा परिणाम न आने पर मूल्यांकन की गुणवत्ता पर प्रश्न चिन्ह लगना, पुनर्गणना/पुनर्मूल्यांकन के अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त होना अर्थात् मूल्यांकन के प्रति अविश्वसनीयता प्रगट होती है। इस लिए मूल्यांकन गंभीरता हो।

मण्डल द्वारा मूल्यांकित उत्तरपुस्तिकाओं की छायाप्रति परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराये जाने का प्रावधान है, अत: कानूनी प्रक्रियाओं से बचने के लिये मूल्यांकन कार्य में पूर्ण गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही से परीक्षार्थियों में परीक्षा परिणामों के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण पैदा होती है। प्रीति शुक्ला, सहायक प्राध्यापक मे मास्टर टेनर्स प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यशाला में मण्डल  उपसचिव जेके अग्रवाल, वित्ताधिकारी कल्याणी सिंह, सहायक सचिव बीके राज, नारायण मजूमदार एवं समस्त सहायक प्राध्यापक, द्वारा उपस्थिति प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का त्वरित निराकरण किया गया।

इस वर्ष परीक्षार्थी घटे, सीबीएसई की ओर रूख
मंडल सूत्रों के अनुसार पिछले सत्र 2023-24के मुकाबले इस वर्ष दोनों ही कक्षाओं में छात्रों की संख्या घटी है। बीते सत्र की दोनों ही परीक्षा में जहां 7 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे वहीं आगामी परीक्षा में कुल 5.59 लाख से कुछ  अधिक बच्चे शामिल हो रहे हैं। उससे पहले सत्र 22-23 में भी कुल 6.53 लाख परीक्षार्थियों ने दोनो परीक्षा में शामिल हुए थे। इस कमी के पीछे मंडल के अधिकारी बच्चों का सीजी बोर्ड के बजाए सीबीएसई स्कूलों में माइग्रेट करने को कारण बता रहे हैं। इसके पीछे मूल्यांकन की विश्वसनीयता भी एक कारण हो सकता है। कल की बैठक में भी मंडल ने मूल्यांकनकर्ताओं को इसकी जानकारी दी।
 


अन्य पोस्ट