रायपुर
इलेक्ट्रॉनिक सबूत डीकोड कर रहे सूरत मुंबई कोलकाता के साइबर एक्सपर्ट 8 करोड़ नगद सीज, जेवरातों का मूल्यांकन जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जनवरी। आयकर अन्वेषण विंग की टीमें राइस मिलिंग, आटोमोबाइल ग्रुप सत्यम बालाजी के ठिकानों पर तीसरे दिन भी डटी हुईं हैं। अब तक की पड़ताल में आयकर टीम ने उम्मीद से अधिक की सफलता का दावा किया है। छापे मार दल में शामिल सूत्रों ने बताया कि यह समूह गैर-बासमती चावल का प्रमुख निर्यातक है। मुख्य फर्म सत्यम बालाजी समूह की छत्रछाया में साईं हनुमंत इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़े फर्मों ने सैकड़ों करोड़ (तीन अंकों में ) की बड़ी कर चोरी का खुलासा होने की जानकारी दी है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं है ।
इस ग्रुप ने कर चोरी के लिए छद्म कंपनियां बनाकर और काल्पनिक लेनदेन का एक जटिल नेटवर्क बना रखा था। इनके जरिए सारा लेनदेन कच्चे में नगद किया करते रहे। अफसरों का दावा है कि यह मध्य भारत के इतिहास में सबसे बड़े कर चोरी के मामलों में से एक है। कुछ वर्ष पूर्व पड़े छापे के बाद भी इस ग्रुप ने व्यवस्थित कारोबार के बजाए बड़े पैमाने पर छद्म कारोबार करने से परहेज नहीं किया। और कई छद्म कंपनी, फर्म और कमीशन एजेंट के जरिए कच्चे में लेनदेन किया। इसी दौरान सत्यम बालाजी ग्रुप के डायरेक्टरों ने दुबई, दक्षिण अफ्रीका तक चावल का निर्यात किया। पहले छापे के बाद से आयकर विभाग नजर रखे हुए थे । बीते छह महीने से तो यह निगरानी और सघन कर दी गई थी । इसमें आयकर अन्वेषण के वित्तीय खुफिया इकाई (एफआईयू) ने यह काम किया।
इस विंग की पुख्ता सूचना के बाद अन्वेषण विंग के दो सौ अफसरों की टीम ने बुधवार को रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव और नवापारा राजिम सहित, गोंदिया और आंध्र प्रदेश काकीनाडा में 25 से अधिक आफिस ,घरों को घेरा । पहले दो दिन की जांच में अधिकारियों ने 8 करोड़ नकद जब्त किया। और करोड़ों के आभूषणों मिले हैं जिनका मूल्यांकन कराया जा रहा है। का मूल्यांकन कर रहे थे।
आयकर सूत्रों ने बताया कि सत्यम बालाजी और साईं हनुमंत इंडस्ट्रीज से जुड़े गोंदिया की सहयोगी और कागजी कंपनियों ने नकली चालान के साथ करोड़ों का लेनदेन किया । इन फर्मों ने दोनों समूहों को खर्च बढ़ाने, वास्तविक कारोबार को छिपाने और भारी कर देनदारियों से बचने में मदद की। समूह का अंतरराष्ट्रीय व्यापार कई देशों में फैला हुआ है, और इसके वित्तीय लेन-देन अब विदेशों में भी हो रहे हैं।
जांचकर्ताओं को दोनों समूहों से जुड़े 15 बैंक लॉकर मिले हैं, जिनमें से अब तक केवल एक ही खोला जा सका है। शेष सील किए गए 14 लॉकर आने वाले दिनों में खोले जाएंगे। वहीं सभी ठिकानों और संचालकों से लैपटॉप, स्मार्टफोन, आईफोन, पोर्टेबल हार्ड ड्राइव और अन्य डिजिटल स्टोरेज डिवाइस जब्त किए गए। मुंबई, सूरत, भोपाल और कोलकाता के साइबर फोरेंसिक विशेषज्ञ इन डिजिटल साक्ष्यों को डीकोड करने में मदद कर रहे हैं।
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त निदेशक तरुण कनौजिया की निगरानी में उपनिदेशक (डीडीआईटी) नवल जैन की टीम कर रही है। यह पड़ताल अभी एक दो दिन और जारी रहने की जानकारी दी गई है।
पीआरए ग्रुप में भी कार्रवाई जारी
दूसरी ओर, तेलीबांधा विशाल नगर स्थित पीआरए ग्रुप में आयकर का सर्वे दूसरे दिन भी जारी है। इस समय में करीब पांच वर्ष बाद आयकर में दूसरी बार दबिश दी है। 20 से अधिक अफसरों की टीम केन्द्र से आकर कार्रवाई कर रही है। पीआरए ग्रुप सडक़ निर्माण से संबंधित बड़ा ठेका फर्म है। इसका पूरा कारोबार झारखंड, और बिहार में भी फैला हुआ है। ग्रुप का टर्नओवर 8 सौ करोड़ से अधिक का बताया गया है। ग्रुप के सभी डायरेक्टर्स रायपुर में ही मौजूद हैं। पिछले वर्ष इन पर लॉरेंस विश्नोई गैंग के शूटर्स ने हमला किया था।
यहां चल रही छापेमारी
सत्यम बालाजी राइस इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, सत्यम बालाजी ऑटोमोटिव्स प्राइवेट लिमिटेड, सत्यम बालाजी एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, सत्यम बालाजी एक्जिम प्राइवेट लिमिटेड, बलदेवजी एंटरप्राइजेज एलएलपी। डायरेक्टर- ओशिन अग्रवाल, पुरूषोत्तम अग्रवाल, प्रदीप कुमार अग्रवाल, हिमांशु रंजन अग्रवाल, अभिषेक रंजन अग्रवाल और काजली अग्रवाल। साईं हनुमंत इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संदीप कुमार धामेजानी, सुनील धामेजानी कशिश धामेजानी । केएनएल एक्जिम प्राइवेट लिमिटेड और मेडीब्लूम हेल्थ सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड।