रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जनवरी। सत्यम बालाजी राइस इंडस्ट्रीज प्रा. लिमिटेड के सभी दो दर्जन ठिकानों पर आयकर की छापेमारी कल से जारी है। अब तक की जांच में ग्रुप के रायपुर में ही करीब 30 से ज्यादा बैंक खाते और 12 लॉकर मिले का खुलासा हुआ है। ये सभी राष्ट्रीकृत बैंकों में है। अब तक पड़ताल में 1.50. करोड़ नगद, बड़ी मात्रा में जेवरात मिले हैं। जेवरों का मूल्यांकन कराया जा रहा है। इनमें से अभी किसी की भी जब्ती नहीं की गई है। सूत्रों ने संभावना जताई है कि ग्रुप के 20 बैंक खातों और लॉकरों की आज जांच की जा सकती है। करीब 150 से अधिक अफसर व सुरक्षा कर्मियों की टीम ने बुधवार सुबह रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग भिलाई राजनांदगांव समेत आंध्रप्रदेश और महाराष्ट्र स्थित सत्यम बालाजी ठिकानों दबिश दी थी। ग्रुप से जुड़े कुछ कमीशन एजेंट्स के यहां से जांच खत्म होने की जानकारी दी गई है ।
सूत्रों के अनुसार इस ग्रुप ने दो दशक में अपना कारोबार देश के कई राज्यों के साथ दुबई, साउथ ऑफ्रीका तक फैला रखा था। सत्यम बालाजी ग्रुप छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन का सदस्य नहीं है और वह अकेले ही कारोबार कर रहा है। इसलिए प्रदेश में चल रहे धान खरीदी, और कस्टम मिलिंग के चलते सीजन के बीच हुई आयकर छापे को लेकर राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी कोई विरोध या आपत्ति दर्ज नहीं करा रहे।