रायपुर
सत्र 23-24 के लिए असर की रिपोर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जनवरी। देश और प्रदेश में शिक्षा की स्थिति को दर्शाने वाली एनुअल स्टेटस ऑफ एजुकेशन (यानी असर) की वर्ष 2024 की रिपोर्ट जारी कर दी गई है। इसमें छत्तीसगढ़ में पढ़ाई-लिखाई की स्थिति को लेकर भी बड़े खुलासे किए गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में तीसरी के 24.4 प्रतिशत बच्चे ही दूसरी कक्षा का पाठ पढ़ पाते थे जो 2024 में बढक़र 25 प्रतिशत तक हो गए। देश में तीसरी कक्षा के औसतन 27.6 फीसदी बच्चे ही गणित सवाल कर पाते हैं। छत्तीसगढ़ 12 वें नंबर पर है। इनमें सबसे अधिक प. बंगाल के 37.5 और छत्तीसगढ़ के 22 प्रतिशत बच्चे हैं। प्रदेश में गांवों में 15-16 साल के 2022 में 16. 3 प्रतिशत लडक़े और 11.2 प्रतिशत लड़कियों ने एडमिशन नहीं लिया था। यह 2024 में घटकर लडक़े 14.3 प्रतिशत व लड़कियां 10 प्रतिशत तक रह गया। लगभग 22 पन्नों में प्रदेश की शिक्षा का खाका पेश किया गया है।
असर की सर्वे टीमें 28 जिलों के 834 गांवों के 16500 घरों तक पहुंचीं। उन्होंने 31,099 बच्चों से बात की जो 3 से 16 साल के थे। सर्वे के लिए हर जिले के 30 गांवों का रैंडमली चयन किया गया।
14 से 16 साल के छत्तीसगढ़ के 89.2 और देश के 87 फीसदी ग्रामीण युवा डिजिटल टास्क कर पाते हैं। ग्रामीण इलाकों में 2024 में 73.6 प्रतिशत टायलेट उपयोग के लाय मिले इनमें छात्राओं के 62.7 प्रतिशत टायलेट उपयोग के लायक थे।96.3 प्रतिशत स्कूलों में मध्यान्ह भोजन और 81.1 प्रतिशत स्कूल में पीने के पानी का इंतजाम है। सरकारी स्कूलों में पांचवीं के बच्चे छोटी कक्षा के पाठ 52.3 और प्राइवेट स्कूलों 65.8 प्रतिशत बच्चे पढ़ पाते हैं।सरकारी स्कूलों में पांचवीं के बच्चे छोटी कक्षाओं के सवाल हल करने 22.9 और निजी स्कूलों के 41.5 प्रतिशत बच्चे ऐसा कर पाते हैं। शासन से मिले निर्देशों का पालन करने में 2023-24 में 86.5 प्रतिशत स्कूल और 2024-25 में 94.8 प्रतिशत स्कूल कर सके।
देश में 14 से 16 साल के औसतन 89.1 फीसदी विद्यार्थियों के पास घरों में स्मार्ट फोन है, जबकि छत्तीसगढ़ में 93.8 प्रतिशत विद्यार्थियों के पास घरों में स्मार्ट फोन है। हालांकि इनमें से देश में 82.2 और छत्तीसगढ़ में 82. 5 प्रतिशत ही इसका इस्तेमाल करते हैं। राज्य में इस आयु वर्ग के 19.7 और देश में 31.4 प्रतिशत युवाओं के पास खुद के स्मार्ट फोन हैं। वे इसका उपयोग करते हैं। इसी आयु वर्ग के प्रदेश के 67.6 फीसदी युवा डिजिटल स्किल में दक्ष पाए गए हैं।