रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जनवरी। निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान तात्कालिक विवाद पर साथी मजदूरों पर जानलेवा हमला करने वाले भारत चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल मुरली ताण्डी ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह शहीद राजीव पांडेय नगर उडिया बस्ती न्यू राजेन्द्र नगर में रहता है और मकान पेंटिंग का काम करता है। सोमवार को वह अपने मोहल्ले के अजय बघेल, राज दीप उर्फ चिन्टू के साथ दीपक कालोनी सांई मंदिर के पास न्यू राजेन्द्र नगर में सुबह लगभग 10:30 बजे खड़े थे। तभी राज दीप उर्फ चिन्टू का परिचित भारत चतुर्वेदी निवासी तेलीबांधा आकर बोला कि ठेकेदार कुमार महेश्वर के पास 4-5 व्यक्ति को मारुती रेसीडेंसी के पास नवनिर्मित मकान में बेस गिट्टी, वाटर, पुपिंग का काम करना है। तब मुरली सहित तीनों वहां गये जहां पर ठेकेदार कुमार महेश्वर के बताये अनुसार दूसरे मंजिल के छत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर 03:30 बजे भारत चतुर्वेदी किसी बात को लेकर अजय बघेल के साथ वाद विवाद करने लगा। अजय बघेल ने इस पर मना किया। तो भारत, उसे गाली देने लगा। मना करने पर भारत चतुर्वेदी, अजय बघेल को मकान के दूसरे मंजिल से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। मुरली ने यह देख गिराने का कारण पूछा तो भारत चतुर्वेदी वहीं पर पडे फावडा को उठाकर तुझे भी जान से खत्म कर दूंगा कहकर फावड़ा से सिर में वार किया। इससे उसके सिर माथे में चोट आई। तथा अजय बघेल जमीन में गिरा पड़ा हुआ था जिसके दाहिने गाल के जबडा, कमर, दाहिना कंधा, दाहिना हाथ, दोनों पैर में चोट लगी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तलाश कर भारत चतुर्वेदी को पकड़ लिया। पूछताछ में भारत चतुर्वेदी ने तात्कालिक विवाद को कारण बताया।