रायपुर

मल्टीपोस्ट ईवीएम पर संदेह गहराया, निर्वाचन आयोग सक्रिय, राज्यपाल से मिले सिंह
29-Jan-2025 3:41 PM
मल्टीपोस्ट ईवीएम पर संदेह गहराया, निर्वाचन आयोग सक्रिय, राज्यपाल से मिले सिंह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जनवरी।
आसन्न निकाय चुनाव में बिना वीवीपैड के मल्टी पोस्ट ईवीएम के इस्तेमाल पर गहराते संदेह के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को जागरूकता अभियान शुरू करने निर्देश जारी किया है। 

ऐसे ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल, समेत विपक्षी नेताओं ने कई तरह के प्रश्न उठाए हैं। बघेल ने तो आयुक्त अजय सिंह को पत्र भी लिखा है। इस बीच निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह बुधवार दोपहर राजभवन जाकर राज्यपाल रमेन डेका से मिलकर चुनावी मुद्दों पर चर्चा की। 

बता दें कि मल्टी पोस्ट ईवीएम का निर्माण राज्य निर्वाचन आयोग ने ही कराया है। इसमें पार्षद और महापौर, पालिका-पंचायत अध्यक्ष को चुनने के लिए एक ही बैलेट यूनिट में दो बटन दबाया जा सकता है। इसमें आयोग ने कहा कि राज्य शासन द्वारा संबंधित नियमों में किए गए संशोधन अनुसार नगरपालिकाओं के  ये  आम निर्वाचन ई.व्ही.एम. के माध्यम से कराए जा रहे हैं । तदानुसार आम नागरिकों को ई.व्ही.एम. के संबंध में जानकारी एवं जागरूकता हेतु आवश्यक कार्यवाही किया जाना है। जिसके अंतर्गत प्रति वार्ड (शासकीय कार्यालय में) ई. व्ही. एम. प्रदर्शन / जानकारी केन्द्र बनाया जाये एवं एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाये। प्रत्येक प्रदर्शन केन्द्र में मास्टर ट्रेनर की ड्यूटी लगाई जाये, जो ई.व्ही. एम. के संचालन एवं मतदान प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी आम नागरिकों को डिमोस्ट्रेट करके बताए एवं उनकी शंकाओं / जिज्ञासाओं का निराकरण करें।  नाम वापसी की तिथि से मतदान के दो दिवस पूर्व तक ई. व्ही. एम. का प्रदर्शन किया जाए, जिसमें डमी मतपत्र प्रयोग किया जा सकता है। डमी मतपत्र में निर्वाचन लडऩे वाले अभ्यर्थियों की संख्या समान हो परन्तु निर्वाचन लडऩे वाले अभ्यर्थियों के नाम एवं प्रतीक डमी मतपत्र में मुद्रित नहीं होना चाहिए अर्थात् जिन वार्डों में दो या अधिक बीयू की आवश्यकता हो वहां पर दो या अधिक बी यू  का प्रदर्शन में  उपयोग किया जाए।


अन्य पोस्ट