रायपुर

अफ्रीकी मूल के बंदी ने जेल में की आत्महत्या
29-Jan-2025 3:37 PM
अफ्रीकी मूल के बंदी ने जेल में की आत्महत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जनवरी।
रायपुर केंद्रीय जेल में कैद अफ्रीकी मूल के बंदी ने आत्महत्या कर ली है। कैदी पेट्रिक 2021 से ड्रस केस में जेल में बंद था। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गंज थाना पुलिस मृत कैदी का पंचनामा कर रही है। बता दें कि 2021 में ड्रग्स तस्करी करने वाले पेट्रिक यूबीके बायको को पुलिस ने मुंबई के नाला सुपोरा के मकान में छापा मारकर गिरफ्तार किया था। पेट्रिक ने रायपुर में ड्रग्स तस्करी की चेन तैयार की थी। वह अपने गिरफ्तार हुए दोस्त मुंबई के ट्रांसपोर्टर रायडेन बेथेला की मदद से राजधानी में ड्रग्स सप्लाई करता था।

रायडेन की गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को पेट्रिक का क्लू मिला था। तब पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी बेहद गोपनीय तरीके से की। पुलिस ने जब उसके मुंबई ठिकाने पर छापा मारा तब वह अकेला था। पुलिस की टीम दोस्त बनकर उसके घर में घुसी और उसे काबू में कर सीधे रायपुर ले आई। पुलिस को आशंका थी कि उसकी गिरफ्तारी का हल्ला मचने से वह अपने गैंग की मदद से कोई न कोई समस्या खड़ी कर सकता था।

तब मीडिया को एसएसपी यादव ने बताया था कि पेट्रिक ने ऑटो और टैक्सी वालों का गैंग बनाया। वह उन्हीं के माध्यम से मुंबई में ड्रग्स ग्राहकों तक पहुंचाता है। उसके संपर्क में मुंबई के 30 से ज्यादा टैक्सी और ऑटो वाले हैं। वह उन्हें ड्रग्स का पैकेट छोडऩे के लिए कमीशन देता है। ऑटो वाले ही उसे ग्राहक लाकर देते हैं। पेट्रिक किसी से सीधा नहीं मिलता था। रायडेन की पेट्रिक से मुलाकात मुंबई के एक क्लब में हुई थी, जहां रायडेन अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने गया। वहीं से रायडेन ने पेट्रिक से ड्रग्स खरीदना शुरू किया था।

जेल के भीतर की व्यवस्था पर उठे सवाल
खुदकुशी से सेंट्रल जेल के अंदर की सुरक्षा और व्यवस्था  पर भी बड़ा सवाल खड़ा हुआ है। घटना के बाद जेल में अन्य अफ्रीकन बंदियों के हंगामे की भी खबर है। बताया यह भी गया है कि पुलिस ने जब मृतक पेट्रिक यूबीके बाओको को पुलिस ने जेल भेजा था तब उसने अपने केस पार्टनर रायडन को दांत से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था तब से उसे 10 नंबर की सेल में अकेला रखा गया था। देर शाम 10 नंबर की बैरक के सेल में अकेले रह रहे मृतक ने गमछे को फाडक़र मजबूत रस्सी बनाकर सेल के रोशनदार के सरिए से बांधकर फांसी लगा ली।

जेल के सूत्रों की पुख्ता जानकारी के मुताबिक मृतक का शव दो घंटे तक सेल के अंदर ही लटका रहा जिससे रायपुर सेंट्रल जेल के अंदर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खडा हो रहा है बताया ये भी जा रहा है कि दो दिन पूर्व से अफ्रीकन मूल के कैदी जेल में मिलने वाले खाने की क्वालिटी का विरोध कर रहे थे।

खबर मिलने के बाद गंज थाना पुलिस और न्यायिक मजिस्ट्रेट सेंट्रल जेल पहुंचे और मृतक के शव का पंचनामा कर पीएम के लिए अंबेडकर अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है ।और न्यायिक जांच के आदेश दिये गये है।


अन्य पोस्ट