रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जनवरी। आयकर अन्वेषण विंग को सत्यम बालाजी ग्रुप के दो दर्जन ठिकानों से आधे दिन की जांच में कई जानकारी मिली है। इसके मुताबिक आयकर विभाग अब नए ठिकानों की ओर रूख करने जा रहा है। इनमें ऐसे चावल कारोबारी हैं जो ग्रुप के साथ लेनदेन करते रहे । इनमें छत्तीसगढ़ के अलावा पश्चिम ओडिशा ,गोंदिया और विशाखापट्टनम काकीनाडा इलाके के कारोबारी भी हैं। बुधवार सुबह दबिश के दौरान कहीं से भी विरोध की खबर नहीं आई है। और ग्रुप के सभी संबंधित प्रमुख संचालक मौके पर ही मिले। सत्यम बालाजी ग्रुप के डायरेक्टर प्रदीप अग्रवाल, कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के समधी भी है, हालांकि टीम के इन नेता के ठिकानों की ओर रूख नहीं किया है। अब तक की जांच में उन सभी ठिकानों से बड़ी संख्या में कच्चे लेनदेन के कागजात जब्त किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार आयकर अन्वेषण विंग इस कार्रवाई की तैयारी दो दिन से कर रहा था । सोमवार को खबर फैलने की वजह से टीमों को रोक दिया गया था । कल रात कुछ स्टाफ की व्यवस्था कर आज सुबह रवाना किया गया। इधर, आयकर की टीम ने राजनांदगांव के एक अनाज व्यापारी के ठिकानों को भी घेरा है। शहर के गंज चौक स्थित अनाज कारोबारी गौरव ट्रेडर्स में भी छापेमारी चल रही है।



