रायपुर

जम्मू कश्मीर में अमन एवं शांति के लिए कार्य करें युवा-डेका
28-Jan-2025 4:37 PM
जम्मू कश्मीर में अमन एवं शांति  के लिए कार्य करें युवा-डेका

राज्यपाल से छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए कश्मीर के युवाओं ने की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जनवरी।
राज्यपाल  रमेन डेका ने नेहरू युवा केन्द्र संगठन के  ‘युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम‘ के तहत छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए कश्मीर के युवाओं से रूबरू हुए।
 कश्मीर के 6 जिलों श्रीनगर, कुपवाड़ा, बारामुला, अनंतनाग, पुलवामा और बडग़ांव के स्कूलों और महाविद्यालयों में अध्ययनरत 132 युवा, 6 दिनों के छत्तीसगढ़ भ्र्रमण पर रायपुर पहुंचे है। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ विधानसभा सहित धमतरी जिले में गंगरेल बांध, एडवेंचर पार्क, यूथ क्लब आदि स्थानों में भ्रमण करेंगे। इसी कड़ी में वे राजभवन आए और श्री डेका से मुलाकात की।

राज्यपाल श्री डेका ने इन युवाओं को देश-प्रदेश, समाज एवं परिवार के प्रति जिम्मेदारी निर्वहन करते हुए कैरियर निर्माण तथा देश के बेहतर नागरिक बनने के लिए जरूरी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने युवाओं को कैरियर एवं जीवन में आगे बढने के लिए जरूरी बाते बताई और कहा कि वर्तमान में जो हम करेंगे वह हमारा भविष्य बनाएगा। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के सामने कैरियर निर्माण के बहुत सारे विकल्प हैं। धैर्य के साथ कड़ी मेहनत करें और अपने जुनून को अपना व्यवसाय बनाएं। श्री डेका ने कश्मीर के विशेष ड्राय फ्रूट, गलीचा, कालीन निर्माण, टूरिस्ट गाइड, होम स्टे जैसे व्यवसायों में स्टार्टअप के लिए युवाओंं को मार्गदर्शन दिया।

श्रीनगर जिले की युवा छात्रा कुमारी जीनत राही, कुपवाड़ा की कुमारी रिफत युसुफ, पुलवामा जिले के राजा युनुस आदि ने छत्तीसगढ़ भ्रमण के दौरान हो रहे अपने अनुभवों को साझा किया। और कहा कश्मीर के दूसरे युवाओं को भी छत्तीसगढ़ आने का मौका मिलना चाहिए। युवाओं ने राज्यपाल श्री डेका सेे अपने कैरियर और राज्य के विकास संबंधी विभिन्न प्रश्न भी पूछे। श्री डेका ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। 

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना,  नेहरू युवा केन्द्र के अधिकारी तथा कश्मीर से आए हुए युवा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट