रायपुर

बंटी होरा,आकाश तिवारी निर्दलीय लड़ेंगे
28-Jan-2025 2:54 PM
बंटी होरा,आकाश तिवारी निर्दलीय लड़ेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जनवरी।
रायपुर नगर निगम चुनावों में कांग्रेस ने सिटिंग पार्षदों के टिकट थोक में काटकर नए चेहरों या पड़ोस के पार्षद को मौका दिया है। इस फैसले से पार्टी के अंदर हलचल मच गई है, वहीं  निवर्तमान दो पार्षद बागी होकर चुनाव लड़ रहे हैं । 

कांग्रेस ने वार्ड 27 से सुरेश चन्नावार, वार्ड 28 से हरदीप सिंह होरा ‘बंटी’, वार्ड 29 से पुरुषोत्तम चंद्र बेहरा, वार्ड 35 से आकाश तिवारी, वार्ड 36 से अनवर हुसैन, वार्ड 37 से रितेश त्रिपाठी, वार्ड 40 से ज्ञानेश शर्मा और वार्ड 62 से समीर अख़्तर का टिकट काट दिया है। वहीं, महापौर और वार्ड 46 के पार्षद एजाज ढेबर को वार्ड 57 से चुनाव लडऩे का मौका दिया गया है।

टिकट कटने के बाद हरदीप सिंह बंटी होरा ने निर्दलीय लडऩे की घोषणा कर दी है। बंटी के बाद रविशंकर शुक्ल वार्ड के कांग्रेस पार्षद आकाश तिवारी पार्टी छोडक़र अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। 

कांग्रेस ने उनका टिकट का काट कर कामरान अंसारी को प्रत्याशी बनाया है। अंसारी पर जमीन कब्जे को लेकर 420 का मामला दर्ज है और पुलिस के रिकार्ड में फरार है।
टिकट कटने से नाराज युवा पार्षद आकाश ने सोशल मीडिया में निर्दलीय चुनाव लडऩे की बात कही है । आकाश नामांकन भरने कलेक्ट्रेट पहुंच चुके हैं।

कांग्रेस ने बंटी की टिकट काट कर जी  श्रीनिवास को प्रत्याशी बनाया है।  बंटी होरा ने सोशल मीडिया में निर्दलीय चुनाव लडऩे की बात कही है। बंटी ने सोशल मीडिया में लिखा है कि तेरा मेरा पार्टी को अलविदा। बंटी के पोस्ट पर स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता समर्थन दे रहे हैं। नामांकन फॉर्म भरने के बाद बंटी पीसीसी अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भी दे सकते हैं।


अन्य पोस्ट