रायपुर

साइबर ठगों पर बड़ा ऑपरेशन, तीन राज्यों से पांच दर्जन गिरफ्तार, 3 नाइजीरियाई भी
24-Jan-2025 9:49 PM
साइबर ठगों पर बड़ा ऑपरेशन, तीन राज्यों से पांच दर्जन गिरफ्तार, 3 नाइजीरियाई भी

बसों में भरकर कोर्ट ले गई पुलिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 जनवरी। रेंज की पुलिस और साइबर टीमों ने  छत्तीसगढ़ समेत 3 राज्यों में पिछले दो दिन में छापेमारी कर 62 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें साइबर ठगों के साथ कमीशन के बदले अपने खाते ठगों को देने वाले भी  हैं।  तीन राज्यों में से छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव और महासमुंद में छापे मारे गए हैं। आरोपियों को बस में भरकर कोर्ट में पेश किया है।

 इन आरोपियों ने लोगों से 84 करोड़ रुपए से ज्यादा की साइबर ठगी की है। सिर्फ यही नहीं, इनके खिलाफ देशभर में 14 सौ से ज्यादा एफआईआर दर्ज हैं। इनमें तीन नाइजीरियाई मूल के भी हैं। सभी आरोपियों के खाते होल्ड करवा दिए गए हैं, जिनमें ठगी के 2 करोड़ रुपए अब भी पड़े हैं।

पुलिस ने  इस एक्शन को आपरेशन साइबर शील्ड का नाम दिया था। छापेमारियां साइबर क्राइम पोर्टल में म्यूल अकाउंट के काफी दिन तक किए गए एनलिसिस के आधार पर की गई हैं। यह पूरा आपरेशन आईजी अमरेश मिश्रा की निगरानी में चला है।

मिली जानकारी के मुताबिक रेंज पुलिस ने सबसे पहले साइबर क्राइम पोर्टल से 11 सौ से ज्यादा म्यूल बैंक खातों की छानबीन की। इसमें बैंक खाता खुलवाने, खातों का डिजिटल अरेस्ट, शेयर ट्रेडिंग के फर्जी एप, क्रिप्टो करेंसी इन्वेस्टमेंट, गूगल रिव्यू, टास्क, टेलिग्राम टास्क और बैंक केवाईसी के नाम पर किए गए साइबर फ्राड सामने आए। इस आधार पर सारे आरोपियों की पहचान कर ली गई, जो छत्तीसगढ़ में पिछले छह माह के भीतर अलग-अलग साइबर फ्राड में इन्वाल्व थे। 

आईजी अमरेश ने  100 से ज्यादा अफसरों-कर्मचारियों की टीमें बनाईं। इन टीमों ने तीन दिन पहले से छापेमारी शुरू की, जो बुधवार देर रात पूरी हुई। इन छापों में रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव और महासमुंद के अलावा राजस्थान ओर ओडि़शा से 62 आरोपियों को गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया है। इनमें अधिकांश आरोपी सीधे साइबर ठगी में लिप्त हैं, जबकि 20 से ज्यादा आरोपी ऐसे हैं, जिन्होंने 10 से 20 प्रतिशत कमीशन पर अपने बैंक खाते ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिए और उनके खातों में ठगी की रकम पहुंची। इतने अधिक आरोपी होने से सभी को  कोर्ट ले जाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया था ।

इस गिरोह के साथ सरकारी, और निजी बैंक के कर्मचारी भी जुड़े थे। करीब 2 वर्ष पहले जुग्गी बस्तियों के निवासियों के खाते खुलवाने यह गैंग जुटा था। यह गैंग 1.6 करोड़ रुपए के संदिग्ध लेनदेन की जांच में पकड़ आया। इनसे करीब 11 सौ संदिग्ध खातों का पता चला। इस गिरोह ने 14 सौ लोगों को झांसा देकर उनके खातों से रकम उड़ाया। पुलिस ने 7 केस कर 62 आरोपी पर अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट