रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 जनवरी। रायपुर मेयर के लिए भाजपा से 17 नाम सामने आए हैं। इसी तरह कांग्रेस से भी एक दर्जन से अधिक नामों की चर्चा है।
रायपुर मेयर पद महिला आरक्षित है। यहां से भाजपा और कांग्रेस की प्रमुख नेत्रियों के नाम चर्चा में हैं। भाजपा से मीनल चौबे के अलावा सीमा संतोष साहू, विश्वदिनी पांडेय, हेमलता चंद्राकर, स्वप्निल मिश्रा, सरिता दुबे, प्रभा दुबे, सरिता वर्मा, ममता चौहान, शताब्दी सुबोध पांडेय, कृतिका जैन, अर्चना शुक्ला, रश्मि शर्मा, शैलेन्द्री परगनिहा, प्रिया अग्रवाल, मनीषा साहू, और इंदिरा जैन के नाम सामने आए हैं।
इन नामों की शॉर्टलिस्टिंग कर शुक्रवार को प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में रखा जाएगा।
दूसरी तरफ, कांग्रेस से भी दीप्ति दुबे, परमजीत कौर, अंजना विकास उपाध्याय, प्रीति उपाध्याय शुक्ला, वंदना राजपूत, पल्लवी सिंह, प्रगति बाजपेयी, बबीता नत्थानी, कविता गुलवानी, नीतू घनश्याम तिवारी सहित कई और नाम चर्चा में है।
महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ.किरणमयी नायक का नाम भी चर्चा में है, लेकिन उन्होंने बायोडाटा नहीं दिए हैं। माना जा रहा है कि अगले दो दिनों में पैनल तैयार कर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की अध्यक्षता में होने वाली चुनाव समिति की बैठक में रखा जाएगा।
कांग्रेस में वार्ड प्रत्याशियों के चयन के लिए गुरूवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी के भवन में बैठक हुई। इस बैठक में चारों पूर्व प्रत्याशियों के अलावा शहर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे सहित अन्य नेता थे। बैठक में कुछ सीनियर नेताओं की उम्मीदवारी को हरी झंडी मिल सकती है।