रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जनवरी। बुधवार को निगम चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र लेने की होड़ शुरू हो गई है। पहले दिन पार्षद के लिए दावेदारों की भीड़ रही तो महापौर के लिए इक्का दुक्का लोग ही जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचे। चुनाव अधिकारियों के अनुसार पार्षद के लिए सामान्य वर्ग को पांच हजार रूपए, एससीएसटी 1000, ओबीसी को 25 सौ रुपए सुरक्षा निधि जमा करनी होगी। इसी तरह से महापौर के लिए सामान्य वर्ग 20 हजार एसटीएससी, ओबीसी 10-10 हजार की सुरक्षा निधि जमा करेंगे। यही जमानत राशि कहलाती है।
दूसरी ओर अधिसूचना जारी होनेके साथ राजधानी में आदर्श आचार संहिता बीरगांव नगर निगम को छोडकर पूरे जिले में लागू होगी। कलेक्टर डॉ सिंह ने बताया कि प्रत्याशी 22 से 28 जनवरी तक अपना नामांकन रिटर्निंग ऑफिसर या सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा करा सकेंगे। वहीं 25 व 26 जनवरी को नामांकन जमा नहीं किए जाएगें। नगरीय निकाय क्षेत्र के निर्वाचन लिए 11 फरवरी को मतदान होगा। 15 फरवरी को मतों की गणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जाएगें। प्रथम चरण में आंरग और अभनपुर द्वितीय चरण में तिल्दा और धरसींवा में चुनाव होगा। दोनों चरणों में चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी 27 जनवरी से 3 फरवरी तक नामांकन जमा कर सकेगें। वहीं प्रथम चरण का मतदान 17 फरवरी तथा द्वितीय चरण 20 फरवरी को होगा। प्रथम चरण की मतगणना 18 तथा द्वितीय चरण की मतगणना 21 फरवरी को होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ गौरव सिंह ने बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के मद्देनजर रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में अपर कलेक्टर सुश्री अभिलाषा पैकरा व मनीष मिश्रा, नवीन कुमार ठाकुर, पंजीयक आस्था राजपूत, संयुक्त कलेक्टर मनोज कुमार केसरिया तथा अनुविभागीय अधिकारी नंदकुमार चौबे की ड्यूटी लगाई गई है। पंचायत निर्वाचन के लिए रिटर्निंग अफिसर के रूप में सीईओ जिला पंचायत विश्वदीप होंगे।
1095 बूथ 10.36 लाख वोटर
रायपुर निर्वाचन क्षेत्र में 1095 मतदान केन्द्र बनाए गए है, इसी तरह नगरीय निकाय रायपुर में कुल मतदाताओं की संख्या 10 लाख 36 हजार 79 हैं। इनमें 5 लाख 15 हजार 301 पुरूष, 5 लाख 20 हजार 524 महिला एवं 254 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
शपथ पत्र में देना होगा अपराध संपत्ति, और शैक्षणिक योग्यता
राज्य में होने वाले नगरीय निकायों में मेयर, अध्यक्ष से लेकर पंचायतों में जिला पंचायत सदस्य से लेकर सरपंच तक का चुनाव लडऩे वालों को नामांकन पत्र के साथ एक शपथपत्र देना होगा, जिसमें अभ्यर्थी की आपराधिक पृष्ठभूमि, संपत्ति, दायित्व एवं शैक्षणिक योग्यता की जानकारी देनी होगी।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी कलेक्टर सह जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा है कि इस प्रावधान का ध्यान रखा जाए। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को नगर पालिका और पंचायतों के चुनाव के संबंध में जारी निर्देश में कहा निर्वाचन के संचालन की सभी कार्यवाहियां छत्तीसगढ़ नगर पालिका निर्वाचन अधिनियम और छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा समय पर प्रसारित आदेश तथा निर्देश के अनुसार होगी। लेकिन इन दो प्रावधानों का भी ध्यान रखा जाए। ये दोनों प्रावधान अभ्यर्थियों के शपथपत्र के साथ दी जाने वाली जानकारी है।
ये है प्रावधान नगरीय निकायों के मेयर, अध्यक्ष, पार्षद पद के अभ्यर्थी को अपने नामांकन पत्र के साथ छत्तीसगढ़ नगर पालिका निर्वाचन नियम 25 क में दिए गए विहित प्ररूप में शपथपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। जिसमें अभ्यर्थी की आपराधिक पृष्ठभूमि, संपत्ति एवं दायित्वों के साथ शैक्षणिक योग्यता की जानकारी देनी होगी।