रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जनवरी। पुलिस की हर सप्ताह लाख समझाइश, कान पकड़ उठक-बैठक कराने जुलूस निकालने के बाद भी राजधानी में बदमाशों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे। ये बदमाश अवैध हथियारों के साथ सोशल मीडिया पोस्ट कर अपना खौफ स्थापित करने का कोई मौका नहीं चूक रहे । इतना ही नहीं ये लोग इन हथियारों को साथ जन्मदिन का जश्न भी मना रहे हैं। कल ही इन बदमाशों ने सोशल मीडिया में अवैध पिस्टल के साथ वीडियो अपलोड किया।
इस वीडियो में बदमाशों को सरे राह बीच सडक़ पर एक्टिवा में रखे केक को पिस्टल की मैगज़ीन से काटते देखा जा सकता है। यह वीडियो शनिवार का है और दो दिन बीतने के बाद भी आरोपी की धरपकड़ नहीं हो पाई है। पुलिस का साइबर सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की गहन छानबीन कर रहा है। इस वीडियो में विज्जू नामक बदमाश मैगज़ीन से केक काटते हुए दिखाई दे रहा है।अरुण यादव नामक बदमाश पिस्टल दिखा कर दूसरों को धमकी दे रहा है । अरुण यादव के ख़िलाफ़ कई थानों में मामले दर्ज हैं ।