रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जनवरी। राजधानी में कल दोपहर शाम तीन जगहों पर रंजिश में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इस बीच जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्का राड और डण्डा, पत्थर से हमला हुआ।
पुलिस के मुताबिक मौदहापारा इलाके में कल्लू गैरेज के पास दोपहर रंजिश को लेकर विवाद हो गया। मुस्कान रात्रे, रोशन और उसके अन्य साथियों ने मौदहापारा निवासी सद्दाम अहमद को जान से मारने की धमकी देकर उसका रास्ता रोक कर लोहे की राड से हमला कर दिया। बाइक में तोडफ़ोड कर दी।
इसकी रिपोर्ट सद्दाम ने कल शाम मौदहापारा थाना में दर्ज कराई। उसने बताया कि पूर्व में मुस्कान रात्रे एवं उसके परिवार के द्वारा मौहल्ले में नशीली दवाईयां बेचने का सद्दाम और उसके परिवारजनों ने विरोध किया था। जिसके चलते मुस्कान रात्रे के साथ उसका बैर था। कल दोपहर में सद्दाम अपनी स्कूटी से बाजार गया था। वहां से वापस आते समय कल्लू गैरेज के पास मुस्कान रात्रे, रोशन ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली गलौज करने लगे। जिसका विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद होता देख रोशन के अन्य साथी अंकुश रात्रे, विकास रात्रे भी वहां आ गए और मारपीट करने लगे। इस दौरान रौशन ने जान से मारने की धमकी देकर हाथ में रखे राड, चाकू से हमला कर दिया। गाड़ी में भी तोडफ़ोड़ कर दी।
गोबरा नवापारा इलाके के भोईपारा में कल शाम 7:50 बजे राजेश किराना दुकान केपास मुकेश बया ने रंजिश का बदला लेने की नियत से गाली गलौज कर पवन चौधरी पर डंडा से हमला कर दिया। मारपीट में राजेश के सिर और हाथ पर चोट आई। राजेश ने इसकी शिकायत गोबरा थाना में दर्ज कराई है।
खरोरा के ग्राम अलेसुर में भी कल रात 7 बजे नरेंद्र वर्मा,अमित वर्मा, टाकेश्वर वर्मा, तुषार वर्मा ने जागेश्वर वर्मा के साथ जबरन गाली गलौज कर हाथ मुक्का और लकड़ी के पटिया से हमला कर दिया। विवाद होता देख बीच बचाव करने आए परस वर्मा के साथ भी चारों लोगों ने हाथ मुक्का से मारपीट की। पुलिस ने शिकायत पर अलग-अलग मामले में आरोपियों के खिलाफ 126-2, 296,115-2, 351-2, 3-5, 118-1 और 324-4 का अपराध दर्ज किया है।