रायपुर
रायपुर, 13 जनवरी। बीएड शिक्षकों के इस दंडवत प्रदर्शन को टैग कर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि छत्तीसगढ़ का यह वीडियो देश के युवाओं की दुर्दशा का एक छोटा सा उदाहरण है। प्रदेश में 33 हजार शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और 1 लाख नौकरी देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने 3 हजार शिक्षकों को नौकरी से निकाल दिया। ये लड़कियां नौकरी की गुहार लगाते हुए इस कड़ाके की ठंड में सडक़ पर लेटकर विरोध जता रही हैं। आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत हर राज्य के युवा भाजपा के भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा ने पूरे देश के युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है।
बीएड शिक्षकों के आंदोलन को एक माह पूरा, जैन समिति की पहली बैठक भी नहीं
रायपुर, 13 जनवरी। बर्खास्त किए गए बीएड शिक्षकों के आंदोलन को एक माह पूरा हो गया है। और समायोजन की उनकी मांग पर विचार करने मुख्य सचिव की समिति के गठन को भी एक सप्ताह से अधिक हो गए हैं। लेकिन समिति की अब तक एक भी बैठक नहीं हुई है। और इस बीच मुख्य सचिव 21 जनवरी तक अवकाश पर चले गए हैं। उनकी वापसी तक बैठक होने की संभावना नहीं है।
तूता धरना स्थल पर दो शिक्षक संगठनों ने प्रदर्शन किया। बीएड शिक्षकों ने माना बस्ती स्थित हनुमान मंदिर से सदानी दरबार तक दंडवत प्रणाम यात्रा की। इसके अतिरिक्त प्रदेश के स्वामी आत्मानंद स्कूल संविदा शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव के नेतृत्व में नियमितीकरण व वेतन विसंगति की मांग के लिए धरना दिया। आंदोलनकारियों की सभा को कर्मचारी नेता विजय कुमार झा एवं छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फैडरेशन के संयोजक गोपाल प्रसाद साहू ने संबोधित कर आंदोलनकारियों की मांगों का समर्थन किया है। आत्मानंद स्कूल संविदा शिक्षक संघ के पूरे प्रदेश से उपस्थित हजारों शिक्षकों ने रिक्त पदों पर निमित्तिकरण व संविदा समाप्त कर वेतन विसंगति की मांग की।
श्री झा ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा के आश्वासन व नरेंद्र मोदी की दी गारंटी के विपरीत रोजगार से वंचित करना अनुचित व अमान्य है।
गोपाल साहू ने आत्मानंद स्कूल संविदा शिक्षकों को अपना समर्थन देते हुए मूल संविदा अनियमित महासंघ से जुडऩे की अपील की।