रायपुर
एनआईटी रायपुर में तीसरा एआई सम्मेलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 जनवरी। एनआईटी में शुक्रवार को एम्बिएंट इंटेलिजेंस इन हेल्थकेयर पर तीसरे अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयेजन हुआ। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि, एडीजी आईपीएस प्रदीप गुप्ता रहे 7 एनआईटी के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव और डीन डॉ. श्रीश वर्मा उपस्थित रहे। कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग की प्रमुख डॉ. प्रियंका त्रिपाठी ने प्रतिभागियों का स्वागत कर सम्मेलन की मुख्य बातों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इसके बाद डॉ. तृप्ति स्वर्णकार ने सम्मेलन के विषय पर विषयगत भाषण दिया। फिर एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन वी रमना राव ने आने वाले भविष्य में हेल्थकेयर में एम्बिएंट इंटेलिजेंस के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि एम्बिएंट इंटेलिजेंस का उद्देश्य व्यक्तिगत, रोगी-केंद्रित सहायता प्रदान करके हेल्थकेयर को बेहतर बनाना है, जिसमें एकीकृत इलेक्ट्रॉनिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड के माध्यम से बीमारियों की भविष्यवाणी और रोकथाम के लिए डेटा का लाभ उठाने के लिए एआई का उपयोग किया जाता है। डॉ. श्रीश वर्मा ने तकनीक के माध्यम से जीवन को सरल बनाने में एर्गोनॉमिक्स और एम्बिएंट इंटेलिजेंस के महत्व पर जोर दिया।
इसके बाद विशिष्ट अतिथि गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा पर एआई के लाभकारी प्रभाव को देखकर राहत महसूस की। उन्होंने नए समाधानों को सीखने और लागू करने में सक्रिय रहने की आवश्यकता पर जोर दिया, क्योंकि हर क्षेत्र में चुनौतियां निरंतर बनी रहती हैं। उन्होंने बताया कि कैसे एक पुलिसकर्मी के रूप में एआई अपराधियों की कार्यप्रणाली को समझने में सहायता कर सकता है। उन्होंने उल्लेख किया कि भविष्य में, हम ऐसे एल्गोरिदम विकसित कर सकते हैं जो मशीन लर्निंग का उपयोग करके ऐसे अपराधियों से निपटने में मदद कर सकते हैं।
इसके बाद सम्मेलन की स्मारिका का अनावरण स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। सम्मेलन का समापन प्रो. हरेंद्र बिक्रोल के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।
रेंज के सभी एसपी के साथ आईजी ने किया क्राइम रिव्यू
रायपुर। आईजी रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार शाम रेंज के सभी एसपी की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला रायपुर, महासमुंद, धमतरी, बलौदाबाजार के पुलिस अधीक्षक एवं सभी जिलों के एएसपी उपस्थित रहे। बैठक में पुलिस अधीक्षकों के द्वारा जिलेवार ब्रीफिंग दी। इसमें जिले के लंबित अपराध, मर्ग, शिकायत, कानून व्यवस्था के संबंध में चर्चा हुई। आईजी ने विस्तृत समीक्षा कर लंबित अपराध, मर्ग, शिकायत के समयबद्ध निराकरण करने एवं अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की हिस्ट्रीशीट तैयार कर उनके विरूध्द प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।